Rampur Yatimkhana episode : आजम खां से जुड़ी बड़ी खबर, मीडिया प्रभारी शानू गिरफ्तार
Rampur Yatimkhana episode गंज कोतवाल राम वीर सिंह का कहना है कि गिरफ्तारी की बात अभी उनकी जानकारी में नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रामपुर। सांसद आजम खां के मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां शानू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं, जिसमें पुलिस को उनकी तलाश थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पिछले साल सांसद आजम खां और उनके करीबियों के खिलाफ विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हुए थे। इनमें शहर कोतवाली में दर्जन भर मुकदमे दर्ज हुए हैं। ये मुकदमे यतीमखाना प्रकरण से जुड़े हैं, जिसमें लोगों के मकान तोड़ने, लूटपाट करने, बकरी चोरी, भैंस चोरी जैसे आरोप हैं। इन मुकदमों में सांसद के अलावा शानू को भी नामजद किया गया था। इसके अलावा शानू के खिलाफ डूंगरपुर बस्ती में मकान तोड़ने, लूटपाट, छेड़छाड़ आदि धाराओं में दर्जनभर मुकदमे दर्ज किए गए थे। एक मुकदमा सिविल लाइंस कोतवाली में भी पूर्व कांग्रेस नेता फैसल लाला ने धमकाने का कराया था। इतने मुकदमे होने पर उनके खिलाफ गुंडा एक्ट में भी कार्रवाई की गई थी। उन्हें छह माह के लिए जिला बदर किया गया था। पुलिस को उनकी लंबे समय से तलाश थी। एसओजी ने मंगलवार रात उन्हे पकड़ लिया है और पूछताछ की जा रही है। लेकिन, पुलिस गिरफ्तारी के बारे में पुष्टि नहीं कर रही है।