इस वर्ष मंडल में पटरियां बदलने का रिकार्ड बनाएगा रेलवे Moradabad News
साढ़े तीन सौ किलोमीटर तक होंगे विद्युतीकरण के काम50 फाटक पर बनाए जाएंगे अंडरपास।
मुरादाबाद, जेएनएन। मंडल रेल प्रशासन पिछले साल रेल लाइन बदलने का रिकार्ड तोडऩे के बाद काफी उत्साहित है। यह रिकार्ड इस वर्ष भी तोडऩे को कमर कस ली है। दुर्घटना रहित ट्रेन संचालन व यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष काम करने की योजना तैयार किया है। जो कमियां हैं, उन्हें सुधारा जाएगा। मंडल रेल प्रबंधक तरुण प्रकाश से दैनिक जागरण के संवाददाता प्रदीप चौरसिया ने बातचीत की। पेश हैैं प्रमुख अंश
सवाल: पिछले साल मुरादाबाद रेल मंडल ने कई रिकार्ड तोड़े हैैं, इस वर्ष कौन सा रिकार्ड टूटेगा?
जवाब: पिछले साल भी रेललाइन बदलने व मरम्मत करने का रिकार्ड तोड़ा था। इस साल भी रेललाइन बदलने का रिकार्ड तोड़ेंगे। दो सौ किलो मीटर रेललाइन बदलने की योजना है।
सवाल: रेललाइन बदलने के बाद भी लाइन चटकने की घटनाओं में कमी नहीं आयी है?
जवाब: रेललाइन बदलने से लाइन चटकने की घटना काफी कम हुई हैं। जहां पुरानी लाइन हैं, वहां लाइन चटकने की घटना अधिक हो रहीं हैं। ट्रेन दुर्घटनाएं भी कम हुई हैं। पिछले साल 13 दुर्घटनाएं हुई थीं, इस साल छोटी-बड़ी मिलाकर आठ दुर्घटनाएं हुई हैं।
सवाल: रेललाइन बदलने के बाद ट्रेनों की गति नहीं बढ़ी है?
जवाब: रेलवे लाइन बदलने से ट्रेन संचालन में काफी सुधार हुआ है। बाकी बची पुरानी रेलवे लाइन को भी जल्द बदल दिया जाएगा।
सवाल: रेल मंडल में विद्युतीकरण का काम कब तक पूरा होगा?
जवाब: रेल मंडल में 350 किलो मीटर विद्युतीकरण का बचा हुआ है, जो इस वर्ष पूरा हो जाएगा। उसके बाद रेल मंडल के सभी रेल मार्गों पर इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेनों का चलाया जाएगा।
सवाल: लक्सर हरिद्वार मार्ग का दोहरीकरण कब पूरा होगा?
जवाब: लक्सर हरिद्वार मार्ग पर 17 किलोमीटर दोहरीकरण का काम हो चुका है। इस बर्ष काम पूरा हो जाएगा।
सवाल: नयी ट्रेनों को चलाने की क्या योजना है?
जवाब: अधिक से अधिक ट्रेन चलाने के लिए रास्ता बनाया जा रहा है। इसके लिए दो स्टेशनों के बीच सिग्नल सिस्टम लगाए जाने का काम किया जाएगा।
सवाल: रेल फाटक को बंद करने की क्या योजना है?
जवाब: इस साल 50 रेल फाटकों पर अंडर पास बनाए जाऐंगे और रेल फाटक को बंद कर दिया जाएगा।
सवाल: यात्री सुविधा के लिए क्या करने जा रहे हैैं?
जवाब: छोटे-छोटे स्टेशनों पर भी वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सभी प्रमुख स्टेशनों पर स्वाचालित सीढ़ी व लिफ्ट लगेंगी। इलेक्ट्रोनिक चार्ट सिस्टम, कोच गाइड सिस्टम लगाया जाएगा।
सवाब: मुरादाबाद समेत जहां भी स्वाचालित सीढ़ी व लिफ्ट लगी हुई हैं, वह बंद क्यों पड़ी हैं?
जवाब: बिजली की समस्या से स्वाचालित सीढ़ी व लिफ्ट बंद हैं। इस समस्या के समाधान के लिए अधिक क्षमता वाला जेनरेटर लगाया जाएगा, उसके बाद स्वाचालित सीढ़ी व लिफ्ट बंद नहीं होंगी।