राहुल का मिशन यूपी : किसानों के साथ बेरोजगार नौजवान भी होगा मुद्दा
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की फरवरी में होने वाली रैलियों के लिए कांग्रेस ने तैयारी तेज कर दी है। पांच लाख लोगों को रैली में लाने की कोशिश की जा रही है।
मुरादाबाद, जेएनएन। फरवरी से शुरू हो रहे राहुल गांधी के मिशन यूपी के लिए कांग्रेसी तैयार हो गए हैं। राहुल गांधी की रैलियों को सफल बनाने के साथ ही भाजपा को घेरने के लिए स्थानीय मुद्दे भी तलाशे जाने लगे हैं। किसानों के साथ अब नौजवान को भी मुद्दा बनाया बनाया जाएगा।
शिक्षा विभाग की भर्ती में धांधली का आरोप
कांग्रेस कार्यालय पर जिलाध्यक्ष डॉ. एपी सिंह ने पत्रकारों से कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को नौकरी के लिए कोई कदम नहीं उठा रही है। नौकरी के नाम पर केवल शिक्षा विभाग में नौकरी निकलती है, लेकिन परीक्षा के बाद मामला कोर्ट तक पहुंच जाता है और युवाओं के हिस्से में केवल इंतजार रह जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अभी हुईं 69 हजार सहायक अध्यापकों की भर्ती में भी धांधली की आशंका है। पिछली बार हुई शिक्षक भर्ती में भी धांधली पकड़ी गई थी और अधिकारी सीधे शामिल थे।
युवाओं को नौकरी से वंचित करने को ऊंची कटऑफ
इस बार सरकार ने मनमाने तरीके से कटऑफ बहुत ऊंची रखी है, इससे केवल 19 हजार युवाओं को नौकरी मिलेगी। उन्होंने कहा कि कटऑफ को 45 व 40 फीसद पर रखा जाना चाहिए, ताकि सभी रिक्तियों को भरा जा सके। सरकार युवाओं को रोजगार नहीं देती है तो कांग्रेस आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि मंडल में किसान की हालत बेहद खराब है। पर्चियां नहीं मिल रही हैं, अगर पर्चियां मिल भी जाएं और गन्ना मिल भुगतान नहीं कर रही हैं। किसान निर्धारित रेट 325 रुपये प्रति क्विंटल के बजाय 175 रुपये में गन्ना बेचने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि यह मुद्दे फरवरी में होने वाली राहुल गांधी की रैली में उठाए जाएंगे।
राहुल की महारैली में जुटेंगे पांच लाख लोग
फरवरी के पहले सप्ताह में होने वाली कांग्रेस की महारैली की सफलता को लेकर जिलाध्यक्ष डॉ. एपी सिंह समेत कार्यकर्ता जुट गए हैं। उन्होंने बिलारी और कुंदरकी में बैठकें भी की हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अध्यक्ष राहुल गांधी की बारह रैलियां होनी हैं। मुरादाबाद और लखनऊ में महारैली होंगी। हमारा लक्ष्य मुरादाबाद में पांच लाख की भीड जुटाने का है। प्रत्येक ब्लाक से ढाई सौ बसों में कार्यकर्ता जाने हैं। जिला अध्यक्ष डॉ. एपी सिंह ने कुंदरकी में कहा कि देश का युवा बेरोजगारी की ओर जा रहा है। भाजपा सरकारों में रोजगार के अवसर खत्म हो गए हैं। भाजपा की राज्य और केंद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। राहुल गांधी की जनसभा में तन मन से जुटने का आह्वान।