मुरादाबाद में सिंचाई विभाग के बड़े अफसर और पत्नी में तकरार, अवैध संबंध को लेकर थाने में कई घंटे तक चला ड्रामा
Illegal relation of officer of irrigation department मुरादाबाद के सिंंचाई विभाग के एक बड़े अफसर और उनकी पत्नी में इन दिनों रार छिड़ी हुई है। दरअसल अधिकारी पर आरोप है कि महिला कर्मचारी के साथ उनके अवैध संबंध हैं।
मुरादाबाद, जेएनएन। Illegal relation of officer of irrigation department। सिविल लाइंस थाने में देर शाम हाईप्रोफाइल ड्रामा हुआ। रोते हुए थाना पहुंची महिला ने खुद को सिंचाई विभाग के अधिकारी की पत्नी बताते हुए पति पर मारपीट करने सहित गंभीर आरोप लगाए। पुलिस महिला को काफी देर तक समझाती रही। इसके बाद पुलिस कार्रवाई करने के बजाय दबाव में आ गई। घंटों चले ड्रामे के बाद भी देर रात तक इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में देर शाम करीब आठ बजे एक महिला रोते हुए पहुंची। महिला को रोते हुए देखकर पुलिस अफसर भी हैरान हो गए। महिला पुलिस कर्मियों ने उसे चुप कराते हुए बैठने के लिए कुर्सी दी। उससे रोने का कारण पूछा। महिला ने बताया कि वह सिंचाई विभाग के एक उच्च अधिकारी की पत्नी है। उनके पति आए दिन मारपीट करते हैं। बुधवार को भी उन्होंने उसके साथ मारपीट करने के साथ ही घर से निकाल दिया। जिसके बाद वह थाने आ गई। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति के दफ्तर में काम करने वाली एक महिला के साथ अवैध संबंध है। बीते कुछ माह से वह कार्यालय में तैनात महिला को किसी और स्थान पर ट्रांसफर करने के लिए कह रही थी। इसे लेकर पति ने उसके साथ मारपीट की। उनके दो बच्चे भी हैं। इस मामले में सिविल लाइंस थाना प्रभारी डिप्टी एसपी दरवेश सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला ने जो शिकायत की है, उसकी सत्यता का पता लगाया जा रहा है। जानकारी पुष्टि होने के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।