ACCIDENT : हरदोई जा रही निजी बस हाईवे पर पलटी, सात यात्री गंभीर Moradabad News
हादसे के बाद कई यात्री तो बेहोश हो गए काफी देर बाद उन्हें होश आया। वहीं मामूली रूप से घायल यात्री हादसे के बाद से सहमे नजर आए।
मुरादाबाद। दिल्ली से हरदोई जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस सोमवार तड़के बरेली हाईवे पर गणेशघाट के समीप पलट गई। हादसे में सात यात्रियों को गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य मामूली रूप से चोटिल हुए। घायलों का इलाज मुरादाबाद जिला अस्पताल में हो रहा है।
यह है पूरा मामला
मूंढापांडे थाना प्रभारी शक्ति सिंह के मुताबिक सोमवार को तड़के करीब पौने चार बजे एक निजी बस दिल्ली से हरदोई जा रही थी। वाहन बरेली हाईवे पर मूंढापांडे थाना क्षेत्र में रामगंगा तट स्थित गणेशघाट पहुंचा था। तभी चालक ने आपा खो दिया। वाहन अनियंत्रित हो गया। बस हाईवे पर पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर गई। घायलों को तत्काल मूंढापांडे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
घायलों में हैं शामिल
घायलों में हरदोई के शाहबाद स्थित बुद्ध बाजार निवासी शफीक अहमद पुत्र हबीब, सिराजुद्दीन पुत्र शफीक अहमद, आसू पुत्री मुहम्मद हनीफ, शवा पुत्री शफीक अहमद, बेवी पत्नी हनीफ, उजमा पत्नी आफताब व नसीम अहमद पुत्र रसीद शामिल हैं। हादसे में कुछ और यात्रियों को भी चोटें आईं। उन्हें प्राथमिक उपचार बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलने पर यात्रियों के परिजन चिंतित हो गए। कुछ लोग तो खबर मिलते ही खबर से निकल पड़े। अनहोनी ने सभी को बेचैन कर दिया। फोन पर रिश्तेदार भी हालचाल लेते दिखाई दिए। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ पुलिस इसकी जांच कर रही है।