बसों की पार्किंग के लिए ऐसा काम किया कि लोग हो रहे परेशान, मंडी समिति के पास से निकलना किया बंद
UP Chunav 2022 मतदान स्थल की तैयारी में प्रशासन ने ऐसा काम किया जिससे लोगों को परेशानी होने लगी। चुनाव में लगने वाली पोलिंग की बसों को खड़ा करने के लिए मंडी समिति में एक बड़ा तालाब शहर के कूड़े से पाटा जा रहा है।
मुरादाबाद, जेएनएन। 14 फरवरी को चुनाव में लगने वाली पोलिंग की बसों को खड़ा करने के लिए मतगणना स्थल मंडी समिति में एक बड़ा तालाब शहर के कूड़े से पाटा जा रहा है। कूड़े से उठने वाली दुर्गंध से लोग परेशान हैं। मिट्टी से पाटने की बजाए शहर के कूड़े से तालाब को पाटना इस बढ़ते कोरोना संक्रमण में लोगों की सेहत पर भी बुरा असर पड़ सकता है। नगर निगम को इस तालाब को पाटने के निर्देश मिले हैं, जिससे ट्रैक्टर-डंपर से शहर का कूड़ा लाकर यहां डाला जा रहा है।
तर्क है कि चुनाव के लिए तालाब को समय से पाटना है। इतनी मिट्टी एक दम तालाब के लिए उपलब्ध नहीं हो सकती। दूसरी ओर आसपास की आबादी और मंडी समिति में आढ़ती दुर्गंध से परेशान हैं। दरअसल मंडी समिति में विधान सभा चुनाव की मतगणना होनी है। इसी को लेकर पोलिंग पार्टियों की बसें वोटिंग मशीनें जमा करने आएंगी। जिन्हें खड़ा करने के लिए जगह की जरूरत पड़ेगी। अर्जुन का कहना है कि मिट्टी से भराव करने की बजाए कूड़ा तालाब पाटने के लिए डाला जा रहा है। जिससे दुर्गंध के कारण आसपास की आबादी परेशान है।
नीटू ने बताया कि कोरोना संक्रमण के बीच यह दुर्गंध परेशान कर रही है। खांसी, जुकाम की समस्या से हर कोई पीड़ित है। इस भी ध्यान देना चाहिए। विपुल का कहना है कि पोलिंग की बसों के लिए कूड़ा तालाब में डालने से आढ़ती बहुत परेशान हैं। मंडी समिति में रुकना मुश्किल हो गया है। नितिन कुमार ने बताया कि पहले से ही मंडी समिति में सफाई पर ध्यान नहीं दिया जाता और अब शहर का कूड़ा और यहां तालाब को पाटने के लिए डाला जा रहा है। अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मंडी समिति में पोलिंग की बसों को खड़ा करने के लिए तालाब पाटा जा रहा है। इस पर जल्दी ही ऊपर से मिट्टी डाली जाएगी। तालाब काफी बड़ा होने के कारण इतनी मिट्टी का इंतजाम नहीं हो सकता था।