ठाकुरद्वारा में गोतस्करों से पुलिस की मुठभेड़, दो भाई गिरफ्तार
ठाकुरद्वारा में सुरजन नगर रोड पर एसओजी और पुलिस की गोतस्करों से मुठभ।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद : ठाकुरद्वारा में सुरजन नगर रोड पर एसओजी और पुलिस की गोतस्करों से मुठभेड़ हो गई। घेराबंदी करके पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से एक पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुक्रवार देर रात एसओजी प्रभारी अजय पाल सिंह टीम के साथी मुहम्मद इश्तियाक और ठाकुरद्वारा पुलिस के साथ ठाकुरद्वारा में सुरजन नगर रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान पीपली अहीर रोड पर दो लोग मोटरसाइकिल से आते दिखाई दिए। पुलिस और एसओजी टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया गया तो वह पुलिस टीम पर फायर करके भागने लगे। पुलिस के पीछा करने पर थोड़ी दूर जाकर ही दोनों बाइक छोड़कर फायरिग करते हुए जंगल की तरफ भागने लगे। पुलिस ने भी जवाबी फायरिग की। इस दौरान एक के पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा जबकि दूसरे को दौड़ाकर पकड़ लिया। गोली लगने से अफसर निवासी गुलाबनगर, थाना ठाकुरद्वारा घायल हो गया। दूसरा पकड़े गए गोतस्कर का भाई शाकिर है। इसे भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। एसओजी प्रभारी अजय पाल सिंह ने बताया कि दोनों गोतस्कर हैं। आरोपितों के पास से दो तमंचे, एक मोटरसाइकिल, एक गाय और वध करने का सामान भी बरामद हुआ है। यह गाय इन लोगों ने एक गन्ने के खेत में बाध रखी थी। पिछले दिनों ठाकुरद्वारा में जो पशुओं के अवशेष मिले थे। उस घटना को भी इन्हीं दोनों भाइयों ने अंजाम दिया था।