मुरादाबाद के अगवानपुर में श्मशान घाट न होने से लोग परेशान, ग्रामीणों ने उठाई आवाज
अगवानपुर में श्मशान घाट नहीं होने के कारण शवों के अंतिम संस्कार करने के लिए नागरिक परेशानी से जूझ रहे हैं। रोजाना आधा दर्जन गांवों के लोग यहां पर शवों के अंतिम संस्कार करने के लिए आते हैं। लेकिन नगर पंचायत द्वारा अभी तक कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
मुरादाबाद, संवाद सहयोगी। शहर के अगवानपुर में श्मशान घाट नहीं होने के कारण शवों के अंतिम संस्कार करने के लिए नागरिक परेशानी से जूझ रहे हैं। रोजाना आधा दर्जन गांवों के लोग यहां पर शवों के अंतिम संस्कार करने के लिए आते हैं। लेकिन, नगर पंचायत द्वारा अभी तक कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
नगर पंचायत अगवानपुर में रामगंगा नदी किनारे शवों का अंतिम संस्कार किया जाता है। लेकिन, यहां पर सत्तर हजार की आबादी अगवानपुर की होने के बाद भी यहां पर कोई श्मशान घाट नहीं बनाया गया है। यहां पर अगवानपुर सहित सेरुवा धर्मपुर, कोकरपुर, महलकपुर निजामपुर, लदावली, बीबीपुर, सलावा आदि गांवों के लोग यहां पर शवों के अंतिम संस्कार करने के लिए आते हैं। कस्बा अगवानपुर निवासी अंचल शर्मा, अजय विश्नोई, कृष्ण कुमार, सरजू विश्नोई, अनिल शर्मा, संजय चंद्र वंसी,विभोर गुप्ता, शंकर राजपूत, संजय विश्नोई, तुलसी विश्नोई, योगेन्द्र मिश्रा, पुष्पेन्द्र शर्मा आदि ने बताया कि नगर में श्मशान घाट नहीं होने से यहां पर शवों के अंतिम संस्कार में बहुत परेशानी होती है। अधिक गर्मी पड़ने व बरसात के समय शवों के अंतिम संस्कार करना बहुत कठिन होता है। नगर में श्मशान घाट बनाने की मांग नगर पंचायत सहित क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों से भी की जा चुकी है। आज तक इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जिस कारण बरसात में लोगों के शवों के अंतिम संस्कार के लिए महानगर जाना पड़ता है।
नामित सभासद ने रखा था प्रस्ताव : नामित सभासद शिव कुमार गुप्ता ने बताया कि नगर पंचायत में हुई बैठक में भी उन्होंने नगर में श्मशान घाट बनाए जाने का प्रस्ताव रखा है लेकिन अभी तक नगर पंचायत द्वारा इस संबंध में कोई कदम नहीं उठाया गया है। इसको लेकर फिर वहां इसकी मांग नगर पंचायत सहित क्षेत्रीय विधायक से भी करेंगे, जबकि नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी मुरारीलाल शर्मा ने बताया कि नगर में कोई श्मशान घाट नहीं है। अभी तक शासन से ऐसी कोई योजना नहीं आई है। जैसे ही ऐसी कोई योजना आती है तो श्मशान घाट बनाने का काम किया जाएगा।