सियासत को पंचायत ने दिखाया आइना, छेड़छाड़ करने वाले युवक से कराया युवती का निकाह Moradabad News
दोनों परिवार शादी को राजी हो गए और दोनों का निकाह हो गया। ईद के बाद लड़के वाले बरात लेकर आएंगे और लड़की की विदाई होगी।
मुरादाबाद। थाना मैनाठेर के फत्तेहपुर खास गांव में सियासत पर पंचायत का फैसला भारी पड़ गया। पंचों के फरमान पर छेड़छाड़ के आरोपित ने पीडि़ता को खुशी से अपनाकर निकाह कर लिया। अब ईद के बाद बरात लाकर युवक अपनी दुल्हन को विदा कर ले जाएगा।
ग्राम फत्तेहपुर खास निवासी एक युवक पांच दिन पहले चक्की पर आटा लेने गया था। वहां उसने चक्की मालिक की बेटी से छेड़छाड़ कर दी। पीडि़ता ने परिवार वालों को घटना की जानकारी दी तो बात बढ़ गई। गांव के जिम्मेदार लोगों ने पुलिस के पास जाने के बजाए मसले को बैठकर निपटाने की पहल की लेकिन, इसी बीच कुछ सियासी लोग बीच में पड़ गए। लोगों ने निकाह की बात की तो लड़के के परिवार वाले इसके लिए राजी हो गए लेकिन, सियासी लोगों ने पीडि़ता के परिवार वालों को बरगला दिया और थाने ले गए। पुलिस ने तहरीर मिलने पर आरोपित के खिलाफ छेड़छाड़ के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली लेकिन, एक बार फिर पंचायत हुई और पीडि़ता और उसके परिवार को निकाह के बाद पूरी सुरक्षा देने का भरोसा दिलाया।
पंचायत ने दिया सियासी लोगों को संदेश
गांव में प्रधान की कुर्सी के लिए लोग सियायत करने लगते हैं। पंचों ने कहा कि गांव की इज्जत का सवाल है। ऐसे मामलों में प्रधानी की सियायत नहीं होनी चाहिए। आरोपित ने लड़की को हंसी खुशी अपनाया है। आरोपित का पूरा परिवार पहले ही दिन से पीडि़ता के साथ खड़ा था। ऐसा बहुत कम मामलों में देखने को मिलता है, इसलिए उम्मीद है कि पीडि़ता को ससुराल में पति भी तंग नहीं कर पाएगा।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप