अब अपने अस्तित्व की चिंता करें पाकिस्तान : स्वामी चिन्मयानंद
पुलवामा में देश के 42 बेटे शहीद हुए हैं, 42 घंटे के भीतर ही पाकिस्तान को हिंदुस्तान सबक सिखाने के लिए तैयार हो रहा है।
मुरादाबाद । पुलवामा में देश के 42 बेटे शहीद हुए हैं, 42 घंटे के भीतर ही पाकिस्तान को हिंदुस्तान सबक सिखाने के लिए तैयार हो रहा है। पाकिस्तान को अब अपने अस्तित्व की चिंता करने की जरूरत है। भारत सरकार के पूर्व गृह राज्य मंत्री स्वामी चिन्मयानंद ने फव्वारा चौक पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा के अनावरण के दौरान यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि देश पर हमला करने वालों को, देश की अस्मिता पर हमला करने वालों को, देश की कमान की छाती पर छुरा भोंकने वाले को यह देश स्वीकार नहीं करेगा।
आतंक को संरक्षण देने वाले देशों की हमें जरूरत नहीं
जवानी देश के नाम समर्पित होगी। विश्व में आतंक को संरक्षण देने वाले देशों की हमें जरूरत नहीं है। पाकिस्तान को हिंदुस्तान की सारी जनता जवाब देगी। भारत माता की छाती पर जवानों का जो खून लगा है, ऐसे समय में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण कर क्षत्रिय समाज ने पूरे देश में एकता और शौर्य का संदेश दिया है। जब तक हम पाकिस्तान से बदला नहीं ले लेंगे तब तक हम शांत नहीं बैठेंगे।
महाराणा प्रताप की प्रतिमा का हुआ अनावरण
फव्वारा चौक पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा लगवाने के लिए लोग लंबे समय से आवाज उठा रहे थे। नगर निगम में कई बार इस संबंध में मांग पत्र भी दिया गया था। इसी का परिणाम रहा कि शनिवार को लोगों की मांग पूरी हुई। स्वामी चिन्मयानंद की प्रतिमा अनावरण किया। इस दौरान महापौर विनोद अग्रवाल, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, क्षत्रिय महासभा के महानगर अध्यक्ष भवनीश सिंह सिंगर समेत तमाम लोग मौजूद रहें।