दैनिक जागरण पत्र ही नहीं मित्र भी, लॉकडाउन में भी मिलता रहा पूरे जहां का हाल Moradabad News
लॉकडाउन में भी लोगों का विश्वास समाचार पत्र पर विश्वास बना रहा। जनपद के आला अधिकारियों ने लोगों के बीच अपनी राय रखते हुए कहा कि अखबार पूरी तरह से सुरक्षित है।
जेएनएन,मुरादाबाद। समाचार पत्र पढऩे से कोरोना नहीं होता, बल्कि देश और दुनिया के बारे में सटीक जानकारी मिलती है। कोरोना महामारी से बचाव के उपाय भी हमें अखबार के जरिये पता चलते रहते हैं। हम लॉकडाउन के दौरान भी लगातार अखबार पढ़ते रहे हैं। यह कहना है जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह समेत जिले के आला अधिकारियों का। कोरोना से जंग में समाचार पत्र भी अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं। कोरोना से संबंधित अपडेट लगातार लोगों तक पहुंचा रहे हैं। समाचार पत्रों का प्रकाशन हो या इन्हें व्यवस्थित करने का काम, सब कुछ मशीनों द्वारा ही संपन्न होता है। यहां तक कि पैङ्क्षकग तक का काम भी मशीन के माध्यम से ही होता है। न्यूज पेपर को एजेंसी से आप तक पहुंचाने के दौरान हॉकर भी पूरी तरह सैनिटाजेशन का ध्यान रखते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। यानी आप तक पहुंचने वाला अखबार पूरी तरह सुरक्षित है। अखबार को पढ़ते रहे।
कोरोना काल में जागरण ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई
कोरोना महामारी के इस दौर दैनिक जागरण ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जनता तक सही सूचनाओं का पहुंचना आवश्यक है। अखबार पढऩे से कोरोना संक्रमण होता है,ऐसी बात अभी तक किसी भी रिसर्च में सामने नहीं आई है। ऐसे में तथ्यहीन प्रचार-प्रसार और सूचनाओं से जनता को सतर्क रहने की जरुरत है। कोरोना संक्रमण के दौरान दैनिक जागरण का कार्य सराहनीय है।
- राकेश कुमार सिंह,जिलाधिकारी,मुरादाबाद
सुबह उठने के बाद सभी समाचार पत्रों को पढ़ता हूं। इससे हमें प्रतिदिन नई जानकारी मिलती है। रेल यात्रियों को सूचना देने वाली प्रतिदिन खबरें रहती हैं। हमारे यहां जो कमियां हैं उसे लेकर भी खबरें रहती हैं। उनमें सुधार कराया जाता है।
-तरुण प्रकाश,मंडल रेल प्रबंधक,
मुरादाबाद।
सुबह उठकर समाचार पत्र जरूर पढ़ता हूं। इससे जिलेभर में क्या हो रहा है, इसकी जानकारी मिल जाती है। जिले में कहीं भी स्वास्थ्य विभाग से संबंधित खामियां पता चलती हैं तो उन्हें ठीक कराया जाता है। कागज से कोरोना नहीं फैलता है। कोरोना संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से फैलता है। अखबार के प्रिंट होने में कैमिकल्स होते हैैं, जिससे सभी प्रकार का वायरस नष्ट हो जाता है।
-डॉ. एमसी गर्ग,मुख्य चिकित्साधिकारी,मुरादाबाद।
सुबह उठकर समाचार पत्र जरूर पढ़ती हूं। अगर हम कहीं गए नहीं हैं तो घर पर रहकर भी हमें हर जगह की जानकारी मिल जाती है। अखबार से कोरोना नहीं फैलता है, बल्कि इससे हमें बचाव से संबंधित जानकारियां मिलती हैं। अखबार पढऩा हर उम्र के लोगों के लिए जरूरी है। खासकर युवा वर्ग इससे अपडेट रहता है।
-प्रेरणा सिंह, एसडीएम कांठ।
हमने पूरे लॉकडाउन में दैनिक जागरण पढ़ा है। ये हमें कोरोना से जुड़ी जानकारियों से अपडेट रखता है। सरकार और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों को आप तक पहुंचाने का काम भी कर रहा है। देश दुनिया के बारे में भी जानकारी देता है। ऐसे में इससे दूरी बनाना गलत होगा। लोग लॉकडाउन का पालन करें। शासन और प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए खुद को सुरक्षित बनाए रखें।
-रमित शर्मा,आइजी मुरादाबाद परिक्षेत्र।