मुरादाबाद में लग सकता है नाइट कर्फ्यू, तीन दिन में इस पर होगा फैसला
Night curfew in Moradabad बैंक्वेट हॉलों के 187 कर्मचारियों के लिए गए नमूने। तीन दिन बाद लिया जाएगा नाइट कर्फ्यू का फैसला। ज्यादा कर्मियों के कोरोना संक्रमित मिलने पर इस पर गंभीरता बरती जाएगी। प्रशासन की ओर से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
मुरादाबाद, जेएनएन। Night curfew in Moradabad। शादियों में मेहमानों की भीड़ की वजह से कोरोना का खतरा मंडरा रहा है। इसको लेकर प्रशासन गंभीर है। प्रशासन ने बैंक्वेट हाॅलों के 187 कर्मचारियों के नमूने कराए हैं। इसमें से कर्मचारी अगर कोरोना संक्रमित निकलते हैं तो दो से तीन दिन में नाइट कर्फ्यू लगाया जा सकता है। हालांकि, अभी जिले में स्थिति सामान्य है।
जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि इन दिनों बड़ी संख्या में शादियां हो रहींं हैं। मेहमानों की भीड़ भी जुट रही है। इसकी गंभीरता को देखते हुए बैंक्वेट हाॅलों के 187 कर्मचारियों के नमूने कराए गए हैं। इन सभी की आरटीपीसीआर जांच कराई गई है। आने वाले दो से तीन दिन में जिले भर के सभी बैंक्वेट हाॅल और मैरिज होम, होटल कर्मियों के सैंपल ले लिए जाएंगे। अगर इनमें संक्रमितों की संख्या अधिक निकलती है तो नाइट कर्फ्यू लगाया जा सकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि शादी समारोह में शारीरिक दूरी के नियम का पालन करें और मास्क अनिवार्य रूप से लगाएं। बैंक्वेट हाॅल की क्षमता के आधे लोग ही उसके अंदर हों। ये इंतजाम शादी समारोह आयोजक को करना होगा। इसके साथ ही शारीरिक दूरी भी खाने की टेबलों पर बनाकर रखनी है। जो मेहमान शादी समारोह में जा रहे हैं, उन्हें भी इस बात का पूरा ख्याल रखना चाहिए। जिससे आयोजक और अन्य लोगों को भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। कोरोना के साथ ही सभी कार्यों को अंजाम देना हैं तो व्यवस्थाएं हम सभी को मिलकर बनानी हैं। इसके लिए हम सख्ती भी कर रहे हैं, जो बिना मॉस्क लगाए चल रहे हैं, उनसे तत्काल जुर्माना वसूला जा रहा है।