New year 2021 : नए साल में मुरादाबाद के मरीजों को मिलेगी एमआरआइ की सुविधा, बेहतर होंगी स्वास्थ्य सेवाएं
Moradabad District Hospital केंद्र और राज्य सरकार ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया। गांवों में भी स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। फरवरी के प्रथम सप्ताह में दो सब सेंटर संचालित होने शुरू हो जाएंगे।
मुरादाबाद, जेएनएन। Moradabad District Hospital। कोरोना काल में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। 2021 में मूंढापांडे ब्लॉक के दो गांव में सब सेंटर शुरू हो जाएंगे। इसका तकरीबन 10 हजार की आबादी को लाभ मिलेगा।
केंद्र और राज्य सरकार ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया। गांवों में भी स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। जिले के मूंढापांडे ब्लॉक के गांव रनियाठेर और पेपटपुरा के गांव में फरवरी के प्रथम सप्ताह में दोनों सब सेंटर शुरू कर दिए जाएंगे। सीएमओ डॉ. एमसी गर्ग ने बताया कि इन गांव की आबादी तकरीबन 10 हजार है। यहां के लोगों को परेशानी हो रही थी। नए साल में दोनों बिल्डिंगों में स्टाफ बैठना शुरू हो जाएगा। फरवरी के प्रथम सप्ताह में स्वास्थ्य सेवाएं लोगों को नई बिल्डिंग में मिलेंगी।
जून से होगी एमआरआइ जिला अस्पताल में एमआरआइ की वजह से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नए साल में मरीजों को एमआरआइ की सुविधा मिलेगी। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेेंद्र कुमार ने बताया कि एमआरआइ के लिए बिल्डिंग, बिजली कनेक्शन व अन्य तैयारियां हो चुकी हैं। जून तक मशीन आने के बाद एमआरआइ शुरू कर दी जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं में होगा सुधार
नए साल में स्वास्थ्य सेवाओं में काफी सुधार हो जाएगा। इससे गरीब मरीजों को काफी राहत मिलेगी। सबसे राहत की बात ये है कि नए साल में कोरोना का टीकाकरण होना शुरू हो जाएगा। काफी दिनों से इसका इंतजार किया जा रहा था। स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीकाकरण शुरू करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।