Move to Jagran APP

आन, बान और शान से फहराया तिरंगा, पंचायतीराज राज्यमंत्री ने ली परेड की सलाम

गणतंत्र दिवस समारोह पर जिले में आन, बान और शान से तिरंगा फहराया गया। स्कूल, कालेज, सार्वजनिक स्थानों के अलावा मदरसों में भी राष्ट्र ध्वज को फहराकर सलामी दी गई।

By RashidEdited By: Published: Sat, 26 Jan 2019 01:20 PM (IST)Updated: Sat, 26 Jan 2019 01:20 PM (IST)
आन, बान और शान से फहराया तिरंगा, पंचायतीराज राज्यमंत्री ने ली परेड की सलाम
आन, बान और शान से फहराया तिरंगा, पंचायतीराज राज्यमंत्री ने ली परेड की सलाम

मुरादाबाद । गणतंत्र दिवस समारोह पर जिले में आन, बान और शान से तिरंगा फहराया गया। स्कूल, कालेज, सार्वजनिक स्थानों के अलावा मदरसों में भी राष्ट्र ध्वज को फहराकर सलामी दी गई। पुलिस लाइन में पंचायती राज राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) चौधरी भूपेंद्र सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। परेड में सधे कदम और देशभक्ति के जोश से लबरेज जवानों ने तिरंगे को सलामी दी। फायर बिग्रेड, कमांडों, फोरेंसिक की आकर्षक झांकियां निकलीं। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जवानों के जोश और परेड में विविध रंगों को देखकर दर्शकों ने तालियां बजाईं। सबसे आगे कमांडर, पीछे पुलिस के घुड़सवार और डॉग स्क्वाड, बम निरोधक दल, ब्रज वाहन, फायर ब्रिगेड तथा एंबुलेंस साथ चल रही थीं। इनके पीछे फायर सर्विस एंबुलेंस, पुलिस जवान, महिला पुलिसकर्मी की टोली तथा होमगार्ड और यातायात पुलिसकर्मी कदम से कदम मिलाकर चल रहे थे।

loksabha election banner

सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

इस मौके पर पंचायतीराज राज्यमंत्री ने सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। कटघर एरिया में सराफा कारोबारी से 32 लाख का सोना लूट का खुलासा कर सौ फीसद बरामदगी में एसपी सिटी अंकित मित्तल, सीओ कटघर सुदेश गुप्ता, निरीक्षक संजय तोमर को सिल्वर पदक, अगवानपुर चौकी प्रभारी राघवेंद्र तोमर, सर्विलांस की टीम से अमित कुमार, ललित कुमार और प्रदीप कुमार को भी सिल्वर पदक से सम्मानित किया।

देश की एकता का सभी संकल्प लें : चौधरी भूपेंद्र सिंह

पंचायतीराज राज्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने देशभक्तों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जिन्होंने देश को आजाद कराने में अपना सबकुछ न्यौछावर करने का काम किया, उनको याद करना चाहिए। कहा कि सैन्य दलों के असंख्य सिपाहियों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने देश की सीमाओं पर रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहूति दी। उन्होंने कहा कि संविधान से हम सभी सामान अधिकार प्राप्त करते हैं। सबको देश की एकता का संकल्प लेना चाहिए। हमें याद रखना चाहिए कि देश भक्तों एवं अमर बलिदानियों के संघर्ष से हमें आजादी मिलीं। उसकी रक्षा के लिए हमें इस पीढ़ी को दायित्व बताना है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि सरकार जनता से जुड़े कार्यों को कर रही है। 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ सबका विकास का संकल्प लेकर काम करना शुरू किया। 2017 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसको आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार अपराध मुक्त वातारण करने के साथ जीरो टॉलरेंस की नीति से चल रही है। सौ फीसद अपराध दर्ज करने के निर्देश हैं। प्रत्येक एसएसपी कार्यालय पर एफआइआर काउंटर खोले गए हैं। सरकार ने संकल्प पत्र में जो बातें कही थीं, उनको निस्तारण किया है। चार अप्रैल 2017 में ऐतिहासिक निर्णय लेकर 44 लाख किसानों का ऋण मुक्ति का लाभ दिया। किसानों की आय दोगुना करने के लिए प्रशिक्षण कराने के लिए अनूठी पहल की गई है। दस लाख से अधिक किसानों को तकनीकी जानकारी दी गई। गन्ना किसानों को 43.553 लाख का भुगतान किया गया। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी दी।

शासकीय कार्यालय में प्रमुखों ने ली सलामी

कमिश्नर कार्यालय पर मंडलायुक्त यशवंत राव, रेंज कार्यालय पर पुलिस महानिरीक्षक रमित कुमार, कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया। नगर निगम कार्यालय पर महापौर विनोद अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान प्रभारी नगर आयुक्त जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह मौजूद रहे।

मदरसों में फहराया तिरंगा

जिले के मदरसों में तिरंगा फहराया गया। सलामी के बाद राष्ट्रगान गूंजा। मदरसा जामिया नईमियां, मदरसा तहजीबुल इस्लाम, मदरसा कासमिया आदि में मिठाई का वितरण किया। गणतंत्र दिवस की मुबारकबाद पेश की गई।

अमरोहा में कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान ने फहराया तिरंगा

अमरोहा पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस पर कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान ने तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने और एसपी विपिन ताडा ने लोगों में देशभक्ति की भावना का संचार किया।

रामपुर में मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने ली परेड की सलामी

रामपुर में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने परेड की सलामी ली। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने देशभक्तों की वीरगाथा सुनाई और उनकी शहादत को याद किया।  


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.