रामपुर में सो रहे ग्रामीण की गोली मारकर हत्या, बड़ा सवाल- परिवार वालों को रात में गोली की आवाज क्यों नहीं सुनाई दी
Murder in Rampur शहजादनगर थाना क्षेत्र में घर में सो रहे ग्रामीण की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुबह उसका शव देख स्वजन में चीख पुकार मच गई। स्वजन रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगा रहे हैं।घटना को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है।
रामपुर, जेएनएन। Murder in Rampur : शहजादनगर थाना क्षेत्र में घर में सो रहे ग्रामीण की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुबह उसका शव देख स्वजन में चीख पुकार मच गई। स्वजन रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगा रहे हैं।घटना को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है। सवाल यह है कि ग्रामीण घर के बाहर वाले कमरे में सो रहा था, गोली चली और परिवार के अन्य सदस्यों को आवाज तक सुनाई नहीं दी। हत्या करने वाले गोली मारकर आराम से भाग खड़े हुए। परिवार वालों को सुबह घटना का पता चला। पुलिस परिवार वालों से घटना के बारे में पूछताछ कर रही है।
घटना शहजादनगर थाना क्षेत्र के झुनइया गांव की है। यहां रहने वाले 58 वर्षीय सोहरन यादव खेती करते थे। शनिवार को वह रोजाना की तरह बाहर बैठक वाले कमरे में सोए थे। रात किसी समय अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगने से उनकी मौत हो गई। सुबह उनकी बेटी भूरी झाड़ू लगाने आई तो पिता का रक्तरंजित शव देख उसकी चीख निकल गई। अन्य स्वजन भी आ गए। गांव के लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर शहजादनगर थाना पुलिस भी आ गई। शव का निरीक्षण कर कब्जे में कर लिया। शहजादनगर थाना प्रभारी प्रदीप मलिक ने बताया कि सिर में गोली लगी है। स्वजन गांव के दो लोगों पर रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी।