मुरादाबाद शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने प्रकाश नगर चौराहे से हटाया अतिक्रमण
लाइनपार में प्रकाश नगर चौराहे के पास खोखे लगे होने से जाम की स्थिति बन जाती है। साथ ही अराजक तत्वों का भी जमावड़ा रहता है। इसकी शिकायत नगर निगम में की गई थी। जिसके तहत सोमवार को राजस्व विभाग और प्रवर्तन दल की टीम मौके पर पहुंची।
मुरादाबाद, जेएनएन। महानगर को जाम से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने सोमवार कवायद शुरू कर दी है। लाइनपार में नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाया। दो दुकान समेत एक पक्का चबूतरा हटाने के दौरान हल्का विरोध भी हुआ। लेकिन प्रवर्तन दल की टीम की सख्ती के कारण विरोध करने वाले ज्यादा देर तक टिक नहीं सके।
लाइनपार में प्रकाश नगर चौराहे के पास खोखे लगे होने से जाम की स्थिति बन जाती है। साथ ही अराजक तत्वों का भी जमावड़ा रहता है। इसकी शिकायत नगर निगम में की गई थी। जिसके तहत सोमवार को राजस्व विभाग और प्रवर्तन दल की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी से खोखे हटाने शुरू कर दिए। कभी खोखा स्वामियों ने जेसीबी के आगे आकर शोर मचाना शुरू कर दिया। लेकिन, परिवर्तन दल की टीम में उन्हें शांत कराकर जेसीबी के सामने से अलग हटाया। उसके बाद जेसीबी ने खोखे तहस-नहस कर दिए। त्योहारी सीजन के बाद अब नगर निगम छोटे-छोटे अतिक्रमण स्थान चिन्हित करके कार्रवाई करेगा। त्योहारी सीजन के चलते कुछ छूट नगर निगम ने दी थी। अब दीपावली बीत जाने के बाद कार्रवाई के मूड में नगर निगम आ गया है। टाउन हॉल से भी अतिक्रमण हटाया जाएगा। यहां पर दीपावली के दौरान रेहड़ी पटरी वालों ने फड़ लगाने की गुहार नगर निगम प्रशासन से लगाई थी। त्योहार को देखते हुए कुछ दिनों की छूट नगर निगम प्रशासन ने दे दी थी। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर ने बताया कि लाइनपार में प्रकाश नगर चौराहे पर अवैध खोखे रखे हुए थे। जिनकी शिकायत पहले कई बार आ चुकी है। इसी के तहत खोखे हटाए गए हैं।