दो दिन से लापता मुरादाबाद के युवक की गला घोंटकर कर दी गई हत्या
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के चक्कर की मिलक निवासी खुर्शीद ट्रैक्टर चालक था। परिवार में पत्नी नसीमा के साथ ही उसके तीन बच्चे थे। आवास से ही कुछ दूरी पर रहने वाले अधिवक्ता अली अहमद की खेती-किसानी का काम खुर्शीद ही देखता था।
मुरादाबाद, जेएनएन। दो दिन से लापता युवक का शव मझोला थाना क्षेत्र के कांशीराम नगर में मिला है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के चक्कर की मिलक निवासी खुर्शीद ट्रैक्टर चालक था। परिवार में पत्नी नसीमा के साथ ही उसके तीन बच्चे थे। आवास से ही कुछ दूरी पर रहने वाले अधिवक्ता अली अहमद की खेती-किसानी का काम खुर्शीद ही देखता था। दो दिन पहले अचानक वह घर से लापता हो गया था। घटना की सूचना सिविल लाइंस थाने में दी गई। अचानक घर से गायब होने पर परिवार वाले भी परेशान थे। ऐसे में खुर्शीद का भतीजा नजाकत दो दिन से रिश्तेदारों और परिचितों में उसकी तलाश कर रहा था। रविवार को मझोला थाना क्षेत्र के कांशीराम नगर निवासी गौतम के घर लापता खुर्शीद के बारे में जानकारी लेने गए थे। परिवार के लोगों ने बताया कि दो दिन पहले खुर्शीद घर से यह कहकर निकले थे कि वह गौतम से मिलने जा रहा है। इसी बात की जानकारी के लिए नजाकत कांशीराम नगर आया था। लेकिन घर पर गौतम के न मिलने पर वह वापस जा रहा था, तभी रास्ते में घर से कुछ दूरी पर खुले मैदान में एक बोरा पड़ा हुआ था। उसे कुछ आशंका हुई तो उसने तत्काल पुलिस को इस बात की सूचना थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जब बोरा को खोला गया तो उसमेंं शव निकला। शव देखते हुए सभी के होश उड़ गए। पुलिस ने जब नजाक से शव की शिनाख्त कराई तो उसने बताया कि शव खुर्शीद का है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस अब हत्या की वजह का पता लगाने के साथ ही संदिग्ध की तलाश की में जुट गई है।