Moradabad Weather : कोहरे की चादर में लिपटा शहर, एक सप्ताह तक पड़ेगी कड़ाके की ठंड
Moradabad Weather Forecast जनवरी के अंत में फिर से ठंडक ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। शुक्रवार की सुबह कोहरे के साथ गलन होने से लोग जगह-जगह अलाव तापते नजर आए। लोग घरों से भी कम निकले।
मुरादाबाद, जेएनएन। Moradabad Weather Forecast। जाती हुई जनवरी के साथ ठंड फिर से जवां हो गई है। आलम यह है कि शुक्रवार की सुबह-सुबह शीतलहर का ऐसा असर दिखा कि अलाव भी ठंडे साबित होने लगे। देर रात से बढ़ी ठंड का असर सुबह 10 बजे तक जारी रहा और कोहरे की चादर में शहर ऐसा लिपटा हुआ दिखाई दिया कि पांच मीटर भी दृश्यता नहीं रही। जिला मौसम विज्ञान केंद्र प्रभारी निसार अहमद के अनुसार देर रात से बदले मौसम के कारण शुुक्रवार सुबह-सुबह न्यूनतम पारा पांच डिग्री तो वहीं अधिकतम पारा 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भारतीय मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए पूर्वानुमान को देखें तो फरवरी के पहले सप्ताह में लोगों को फिर से सर्दी के सितम का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि उत्तर-पश्चिम से चलने वाली हवाएं फिर से प्रभावी हो रहींं हैं, जिस कारण ठंड बढ़नी शुरू होगी। जिला मौसम विज्ञान केंद्र प्रभारी निसार अहमद के अनुसार आने वाले दिनों में रात के समय में तेजी से पारा नीचे की तरफ गिरेगा, जिसका असर सुबह तक दिखाई देगा। रात में पारा गिरने के साथ कोहरा और पाला पड़ने के भी आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फरवरी के पहले सप्ताह में रात के समय में न्यूनतम तापमान चार से पांच डिग्री के ईद-गिर्द रहने के आसार हैं, जिस कारण गलन बढ़ेगी और इसका असर सुबह 10 से 11 बजे तक दिखाई देगा। हालांकि, दाेपहर के बाद सूरज निकलने से लोगों को राहत भी मिलेगी। वहीं शुक्रवार को गलन ज्यादा होने से लोग अलाव तापते हुए नजर आए।