Moradabad Weather : इस सप्ताह बरस सकते हैं बादल, मौसम में तेजी के साथ होगा बदलाव
Moradabad Weather मौसम में तेजी के साथ बदलाव हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश हो सकती है। भारतीय मौसम विभाग की ओर से जारी की गई भविष्यवाणी के अनुसार मौसम अभी और ज्यादा रंग दिखाने वाला है।
मुरादाबाद, जेएनएन। मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। जनवरी के अंतिम सप्ताह में कड़ाके की ठंड के बाद फरवरी की शुरुआत से ही मौसम बदलने लगा है और लोगों को ठंड से भी राहत मिल रही है। लेकिन, भारतीय मौसम विभाग की ओर से जारी की गई भविष्यवाणी के अनुसार मौसम अभी और ज्यादा रंग दिखाने वाला है। वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की संभावना बन रही है, जिसके बाद मौसम पूरी तरह बदल सकता है और लोगों को ठंड से काफी हद तक राहत मिलने लगेगी।
दरअसल, एक फरवरी को निकली धूप के कारण मौसम में काफी बदलाव हुआ है। दिन के समय में लोगों को एक बार हल्की उमस जैसी भी महसूस हुई। लेकिन, शाम को एक बार फिर हवाओं के कारण शहर ठंड के आगोश में घिर गया। इसका असर मंगलवार की सुबह दिखाई दिया और कोहरा छाया रहा। हालांकि, 10 बजे के बाद से हल्की-हल्की धूप निकलनी शुरू हो गई, जिससे तापमान में भी वृद्धि हुई। जिला मौसम विज्ञान केंद्र प्रभारी निसार अहमद का कहना है कि मंगलवार को बदले मौसम के कारण न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है। क्योंकि, उत्तर-पश्चिम इलाकों से चल रही ठंडी हवाओं की रफ्तार थमेगी। वैज्ञानिकाें का कहना है कि इस बीच पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होता हुआ दिखाई दे रहा है, जिस कारण मौसम में बदलाव होगा और चार व पांच फरवरी को बारिश भी हो सकती है। बारिश के बाद से मौसम पूरी तरह बदलेगा और रात का न्यूनतम तापमान भी बढ़ना शुरू हो जाएगा।
मुरादाबाद में नहाते समय बना ली किशोरी की अश्लील वीडियो, कर रहा था ब्लैकमेल, तीन वर्ष की कैद