मुरादाबाद नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक अब 24 दिसंबर को
नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में कार्यकारिणी द्वारा दिए जा रहे कार्यों के दिशा निर्देशों की समीक्षा होगी। निर्माण स्वच्छता ट्रंचिंग ग्राउंड व स्मार्ट सिटी के कार्यों पर नगर निगम अफसरों से प्रगति को लेकर जानकारी ली जाएगी।
मुरादाबाद। नगर निगम कार्यकारिणी की 18 दिसबंर को होने वाली बैठक स्थगित कर दी गई है। नगर आयुक्त संजय चौहान के किसी कारण वश शहर से बाहर होने के कारण महापौर विनोद अग्रवाल ने बैठक को स्थगित किया है।
महापौर ने अब 24 दिसंबर को कार्यकारिणी की बैठक होना तय की है। इस बार बैठक में पांच अक्टूबर को हुई कार्यकारिणी की पुष्टि होगी। इसमें जो प्रस्ताव कार्यकारिणी सदस्यों ने रखे थे, उन पर नगर निगम ने कितना अमल किया, कार्यकारिणी द्वारा दिए जा रहे कार्यों के दिशा निर्देशों की समीक्षा होगी। निर्माण, स्वच्छता, ट्रंचिंग ग्राउंड व स्मार्ट सिटी के कार्यों पर नगर निगम अफसरों से प्रगति को लेकर जानकारी ली जाएगी। महापौर विनोद अग्रवाल ने बताया कि कार्यकारिणी की बैठक अब 18 की बजाए 24 दिसंबर को दोपहर दो बजे से शिविर कार्यालय पीलीकोठी पर होगी।