Moradabad Municipal Corporation : 15वें वित्त के 42 करोड़ रुपये शासन के बताए विकास कार्यों पर ही होंगे खर्च
29 जून को होने वाली 15वें वित्त की बैठक में विकास कार्यों पर इस बार नगर निगम प्रशासन की नहीं शासन की चलेगी। हर बार नगर निगम प्रशासन विकास कार्यों को तय करता था। लेकिन अबकी बार शासन ने 15वें वित्त के बजट पर मार्क कर दिया है।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। 29 जून को होने वाली 15वें वित्त की बैठक में विकास कार्यों पर इस बार नगर निगम प्रशासन की नहीं शासन की चलेगी। हर बार नगर निगम प्रशासन विकास कार्यों को तय करता था। लेकिन, अबकी बार शासन ने 15वें वित्त के बजट पर मार्क कर दिया है। किन-किन विकास कार्यों पर पैसा खर्च होगा, यह शासन ने पहले से ही तय कर दिया। अभी नाला, नाली, सड़क, पानी पर बजट आवंटित होता था। लेकिन, अबकी 15वें वित्त की बैठक में सिर्फ शासनादेश ने जिन विकास कार्यों को करने के आदेश दिए हैं, उन्हीं पर धन आवंटित किया जाएगा।
15वें वित्त की 21-21 करोड़ रुपये से की दो ग्रांट शासन से मिली हैं। दोनों की 42 करोड़ रुपये धनराशि से रेन वाटर हार्वेस्टिंग, नाला टेपिंग, तालाब रिचार्ज, सालिड वेस्ट मैनेजमेंट में सुविधाएं समेत ऐसे कामों पर धनराशि खर्च होगी जो सीधे जनता को नहीं दिखाई देते लेकिन, शहर के विकास में इनका अहम रोल है। लेकिन, अभी तक राजनीतिक लाभ पहुंचाने वाले कामों के लिए धनराशि आवंटित किए जाते थे। वैज्ञानिक तरीके से जिन कामों पर मंथन होना चाहिए वह 15वें वित्त की बैठक में नहीं होता था।
सड़क, नालों व पेयजल पर 10 करोड़ शासन से मिले : धनराशि का आवंटन शासन से निर्धारित हो गया है उसमें दस करोड़ रुपये ही नाला, खड़ंजा, सड़क पर खर्च करने के लिए शासन ने निर्धारित किए हैं। लिहाजा अबकी बार नगर निगम प्रशासन केवल शासन की गाइड लाइन के अनुसार ही विकास कार्य करेगा।
हर बार नगर निगम प्रशासन तय करता था कि कौन से काम पर कितना पैसा खर्च करना है। लेकिन, अबकी शासन से मिली 15वें वित्त की ग्रांट में तय होकर आया है किस मद में यह पैसा खर्च होना है। शासन ने 42 करोड़ रुपये किस काम में खर्च होंगे, यह तय करके ही बजट जारी किया है।
संजय चौहान, नगर आयुक्त