Moradabad Gram Panchayat Chunav Result 2021 : जिला पंचायत सदस्य के नतीजों के बाद सियासी गतिविधियां तेेज, बसपा बनेगी किंग मेकर
जिला पंचायत सदस्य के नतीजे आने के बाद ही सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिले के प्रथम नागरिक की कुर्सी पर कौन बैठेगा यह तो चुने हुए सभी दलों के सदस्यों को करना है। लेकिन सबसे बड़े दल के रूप में बसपा सामने आई है।
मुरादाबाद, जेएनएन। जिला पंचायत सदस्य के नतीजे आने के बाद ही सियासी गतिविधियां तेज हो गईं हैं। जिले के प्रथम नागरिक की कुर्सी पर कौन बैठेगा, यह तो चुने हुए सभी दलों के सदस्यों को करना है। लेकिन, सबसे बड़े दल के रूप में बसपा सामने आई है। इसलिए बसपा के जिला पंचायत सदस्य अध्यक्ष चुने जाने में अहम भूमिका निभाएंगे। हालांकि चुनाव से पहले ही सभी दलों में अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने वालों के नाम सामने आने लगे हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में सत्ताधारी दल ही सफलता पाते रहे हैं। इस पर जिला पंचायत में 39 सदस्य चुनकर आए हैं। पिछली बार से पांच सदस्य ज्यादा हैं। बसपा के सबसे अधिक 12 सदस्य चुने गए। इनमें पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू देवी के अलावा सपा के दो विधायकों के परिवार की बहुओं को हराकर जीतीं महजबी बेगम को दावेदार माना जा रहा है। भाजपा के दस जिला पंचायत सदस्य चुनकर आए हैं। इन सदस्यों में डाॅ. शैफाली सिंह, भाजपा नेता रामवीर सिंह की पत्नी संतोष देवी के अलावा पूर्व माननीय के नजदीकी की पत्नी सहित जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए तीन दावेदार बताए जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी में जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए दावेदारों की तलाश की जा रही है। सपा के जिले के पदाधिकारी के परिवार की महिला के अलावा मुकेश यादव और डींगरपुर से चुनाव जीतीं मुनाजिर हुसैन की पत्नी को फिलहाल दावेदार माना जा रहा है। आज जिलाध्यक्ष ने प्रत्याशी के संबंध में चर्चा करने के लिए बैठक बुलाई है। इसमें माननीयों के अलावा सपा के सभी कद्दावर नेताओं को बुलाया गया है। चार निर्दलीय जिला पंचायत चुने गए हैं। यह भी जिला पंचायत अध्यक्ष चुने जाने में अहम भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा एआइएमआइएम पार्टी से रईसउद्दीन और आम आदमी पार्टी से वीरवती जिला पंचायत सदस्य चुनी गईं हैं। इन दोनों ही दलों पर पहली बार जिला पंचायत चुनाव में खाता खुला है। इसलिए यह सदस्य भी अध्यक्ष पद के चुनाव में अहम रोल अदा करेंगे।
जिला पंचायत सदस्यों की दलीय स्थिति
बसपा-12
सपा-11
भाजपा-10
निर्दलीय-04
एआइएमआइएम -01
आप-01