Moradabad coronavirus news update : एक ही दिन में मिले 40 कोरोना पॉजिटिव
मुरादाबाद में लगातार कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। बुधवार को एक ही दिन में 40 नए मामले सामने आए। स्वास्थ्य महकमे ने संपर्क में आए लोगों को चिह्नित करना शुरू कर दिया है।
मुरादाबाद। मुरादाबाद में बुधवार को 40 कोरोना संक्रमित मिले हैं। लखनऊ केजीएमयू से मिली रिपोर्ट में 40 लोगों की पुष्टि हुई है। इसमें एक गायत्री नगर, गोविंद नगर, बगला गांव, वसंत विहार के दो, साईं अस्पताल, प्रभात मार्केट, जिला अस्पताल, पुराना दसवां घाट, रामपुर रोड, नारायणपुर अमरोहा, करूला, बुद्धि विहार, 10 लोग डीआरएम कार्यालय के कोरोना संक्रमित निकले हैं।सीएमओ डॉ एमसी गर्ग ने बताया कि 40 लोग संक्रमित मिले हैं।
मुरादाबाद में 2,208 टीमें कोरोना संदिग्धों को खोजने में जुटीं
कोरोना संदिग्धों का पता लगाने के लिए जिला प्रशासन ने युद्ध स्तर पर अभियान छेड़ दिया है। इस काम के लिए जिले के आठ ब्लाक में देहात क्षेत्र में 1,308 टीमों को लगाया गया है, जबकि शहरी आबादी की जांच करने के लिए नौ सौ टीम लगाई गई हैं। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि शहर से लेकर गांव तक प्रत्येक घर का सर्वे किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता सर्वे करने आ रही टीम को सही और सटीक जानकारी प्रदान करे। कोरोना से बचने के लिए समय पर इलाज मिलना जरूरी है। उन्होंने बताया कि अभी तक जितने भी लोगों की मृत्यु जनपद में हुई है,वह सभी लोग पहले इधर-उधर इलाज करा रहे थे,या फिर घर में बैठे हुए थे। जब बीमारी खतरनाक स्तर पर पहुंची,उसके बाद ही वह अस्पताल में भर्ती होने के लिए पहुंचे। दो दिनों से गांव संग शहर में सर्वे का अभियान चल रहा है। इसमें 364581 लोगों के घर में जाकर जानकारी ली जाएगी। इस दौरान आठ ब्लाक में 70145 घरों का सर्वे किया जाएगा। इस सर्वे में खांसी,जुकाम,बुखार के साथ ही गंभीर रोग से ग्रसित लोगों के बारे में जानकारी एकत्र करने का काम किया जाएगा। डीएम राकेश कुमार सिंह ने बताया कि शहर और ब्लाक स्तर पर सर्वे के लिए अभियान चल रहा है। कोरोना से सुरक्षा के लिए सतर्कता के साथ कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। सर्वे के लिए घर पहुंची रही टीम को सभी नागरिक सही जानकारी प्रदान करने में सहयोग करें।