Moradabad coronavirus news : दिखाएं समझदारी, घरों में रहकर ही मनाएं श्री कृष्ण जन्माष्टमी
Moradabad coronavirus news मंदिरों के पुजारियों ने लोगों से सावधानी बतरने की अपील की। मंदिरों में सिर्फ सांकेतिक रूप से मनेंगी जन्माष्टमी।
मुरादाबाद। कोरोना महामारी रुकने का नाम नहीं ले रही है। जिससे श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व घरों में रहकर मनाने की अपील पुजारियों ने की है। मंदिरों में सिर्फ सांकेतिक रूप से लड्डू गोपाल का अभिषेक होगा। मटकी फोड़ समेत बड़े आयोजन व झांकियां नहीं सजेंगी। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि घरों में लड्डू गोपाल का जन्मोत्सव मनाएं। हरे कृष्ण सेवा न्यास सेवा समिति ने मिलक बस्तौर में श्री बांके बिहारी मंदिर में कोविड-19 का पालन किया जाएगा।
बैठक में ज्ञानेंद्र देव शर्मा ने कहा कि सांकेतिक कार्यक्रम में शारीरिक दूरी का पालन करते हुए लड्डू गोपाल का अभिषेक होगा। राजेश खंडेलवाल, सुशील शर्मा, अशोक अरोरा, शशि अरोरा समेत अन्य मौजूद रहे। रामगंगा विहार स्थित शिव शक्ति मंदिर में भी सामूहिक रूप से आयोजन नहीं होगा। मीडिया प्रभारी निमित जायसवाल ने बताया कि सांकेतिक रूप से रात को 12 बजे लड्डू गोपाल का अभिषेक किया जाएगा। मनोकामना मंदिर में भी इस बार झांकियां नहीं लगेंगी। पुजारी हरिदत्त शास्त्री ने बताया कि घरों में लड्डू गोपाल का पूजन करें। आवास विकास स्थित शिव मंदिर में भी इस बार झांकियां नहीं सजेंगी। बुधबाजार के मंदिरों में भी झांकियां नहीं लगेंगी। गीता ज्ञान मंदिर के पूजारी गिरिजा भूषण मिश्र ने लोगों से अपील की है कि घरों में श्री कृष्ण जन्मोत्सव मनाएं।