Moradabad Coronavirus News : निजी अस्पतालों में आइसीयू बेड बढ़ेंगे, ऑक्सीजन की भरपूर होगी आपूर्ति
बेड फुल होने और ऑक्सीजन की किल्लत को दूर करने को लेकर प्रशासन गंभीर है। सर्किट हाउस में निजी अस्पताल संचालकों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों की मीटिंग में कई रणनीतियों पर चर्चा हुई। व्यवस्था ठीक करने पर जोर दिया गया।
मुरादाबाद, जेएनएन। अस्पतालों में बेड फुल होने और ऑक्सीजन की किल्लत को दूर करने को लेकर प्रशासन गंभीर है। सर्किट हाउस में निजी अस्पताल संचालकों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों की मीटिंग हुई। इसमें मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने हालात को कंट्रोल करने पर जोर दिया।
उन्होंने अस्पतालों में आइसीयू बेड की क्षमता बढ़ाने और गैस की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। अध्यक्षता करते हुए मंडलायुक्त ने कोविड-19 को लेकर शहर के निजी चिकित्सालयों के चिकित्सकों से कहा कि हेल्थ इमरजेंसी सेवाओं को दुरुस्त रखें। आप जितने मरीजाें को अपने चिकित्सालय में कवर कर सकते हैं। उतने ही मरीजों को भर्ती करें। चिकित्सक ज्यादा से ज्यादा लोगों की हेल्प करें। हमारी तैयारी हर स्तर की होनी चाहिए। निजी चिकित्सालयों द्वारा आक्सीजन आपूर्ति की सप्लाई ठीक प्रकार से नही होने एवं आक्सीजन की समस्या होने की शिकायत पर आयुक्त ने आक्सीजन गैस एजेंसियों को आक्सीजन आपूर्ति का पूरा ब्योरा रखने के निर्देश दिए। आक्सीजन की अस्पतालों को प्राथमिकता के साथ आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। परिवार के द्वारा मरीजों से बात नहीं करने के संबंध में कहा कि डाॅक्टर अस्पताल में बेडों में स्क्रीन लगाएं। जिससे डाक्टर एवं मरीज के परिवारजन भी बात कर सकें। इससे कम स्टाफ होने पर भी आप सफल हो जाएंगे। नाॅन कोविड अस्पतालों के लिए भी आक्सीजन की कमी नहीं होने दी जाएगी। अस्पतालों में बेड की उपलब्धता की जानकारी मेल पर प्रतिदिन आइसीसीसी पर उपलब्ध कराएं। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने ऑक्सीजन आपूर्ति करने वाली एजेंसी को निर्देश दिए कि अगर संसाधनों की कमी है तो उसकी व्यवस्था बनाएं। ऑक्सीजन की गाड़ी की जीपीएस सिस्टम से मॉनिटरिंग की जा रही है। आपदा के हालात में मदद करने का जज्बा ही लोगों की परेशानी दूर करेगा। ठीक हाेने वाले मरीजों की जानकारी भी समाचार पत्रों को दें। जिससे दूसरे लोगों में हौसला बने।
गैस की कालाबाजार करने वालों पर कार्रवाई
गैस के निर्धारित दाम से ज्यादा वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आपदा को अवसर न समझें। लोग मजबूर हैं। उन्हें परेशान करने का प्रयास न करें। आक्सीजन की कालाबाजारी पर सतर्कता के साथ नजर रखी जा रही है। ऐसे लोगों को छोड़ा नही जाएगा।