मोहित की हालत में सुधार, हमला करने वालों पर मुकदमा, जांच में जुटी पुलिस
Firing on Mohit Chaudhary अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर मोहित चौधरी को घायल कर दिया था। घायल का दिल्ली में उपचार चल रहा है। वहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मोहित के भाई अमित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
मुरादाबाद, जेएनएन। Firing on Mohit Chaudhary। रजबपुर में हुए मोहित गोलीकांड में तीसरे दिन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। घायल के भाई की तहरीर पर यह कार्रवाई हुई है। घायल का उपचार दिल्ली में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
काबिलेगौर है कि बुधवार शाम को अमरोहा के रजबपुर थाना क्षेत्र में हसनपुर मार्ग पर कार सवार अज्ञात हमलावरों ने जनपद सम्भल के थाना असमोली के गांव भंवालपुर निवासी मोहित चौधरी पर गोलियां बरसाईं थीं। मोहित चौधरी अपने दो साथी भूरा व दीपक के साथ पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल की माता के अंतिम संस्कार से लौट रहे थे। इस घटना में मोहित को सात गोली लगी थीं। जबकि हमलावरों ने लगभग 40 राउंड फायर किए थे। घायल को पहले मुरादाबाद तो बाद में दिल्ली रेफर किया गया। जहां उसकी हालत में सुधार है। इस मामले में अभी तक तहरीर नहीं दी गई थी। गुरुवार देर रात घायल मोहित के भाई अमित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जल्दी ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।