मोदी के मंत्री नकवी बोले-पाकिस्तान से सूद सहित बदला लेगा भारत
केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है कि अमेरिका से लेकर सऊदी अरब तक ने आतंकवाद के नाम पर लोगों का खून बहाने वाले पाकिस्तान का हुक्का पानी बंद कर दिया है। भारत पाकिस्तान से सूद सहित बदला लेगा।
मुरादाबाद, जेएनएन। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है कि अमेरिका से लेकर सऊदी अरब तक ने आतंकवाद के नाम पर लोगों का खून बहाने वाले पाकिस्तान का हुक्का पानी बंद कर दिया है। भारत पाकिस्तान से सूद सहित बदला लेगा।
आतंकवाद के गुंडे पाक का हुक्का पानी बंद
केंद्रीय मंत्री नकवी शनिवार को रामपुर में भारत के मन की बात मोदी के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आज उसे इस बात का भी अहसास है कि उसने जैश ए मुहम्मद जैसे आतंकवादी संगठनों को और मसूद अजहर व हाफिज सईद जैसे आतंकियों को संरक्षण देना जारी रखा तो उसकी खैर नहीं है। पाकिस्तान में आतंकवाद की फैक्ट्री में जो आतंकवादी तैयार होते रहे हैं, वे सिर्फ भारत के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के अमन चैन और इंसानियत के लिए खतरा बने हैं। उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। कहा कि चोट आतंकवादियों को लगती है तो चीख कांग्रेस की निकलती है। कांग्रेस राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर देश को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। मोदी सरकार पूरी तरह से राष्ट्रीय सुरक्षा को समर्पित सरकार है। देश की सुरक्षा के लिए हर शैतानी साजिश को मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है।
सख्ती करते हैं तो रोने लगती है महबूबा मुफ्ती
श्री नकवी ने कहा कि जो अलगाववादी आतंकवादियों के समर्थन में पत्थरबाजी कराते थे, वे आज चूहे के बिल में घुस गए हैं। हमारे सुरक्षा बल उनकी पिटाई भी कर रहे, धुनाई भी कर रहे और खात्मा भी कर रहे हैं। हम सख्ती कर रहे हैं तो महबूबा मुफ्ती रोने लगती हैं। राहुल गांधी की आंखों में भी आंसू आ जाते हैं। देश की सुरक्षा को कैसे कमजोर करो, इसकी कुछ लोगों को कहीं न कहीं से सुपारी ले रखी है। पाकिस्तान के साथ क्रिकेट को लेकर बोले, जिस जमीन पर आंतकवाद की खेती हो रही हो, उसपर क्रिकेट की पिच कैसे बन सकती है। हम नदियों का पानी पाकिस्तान को दे रहे थे और वे उस पानी में खून मिलाकर भेज रहे थे। उसे रोकने की भी तैयारी चल रही है।