Physical Exploitation : घर दिलाने के बहाने ग्राम प्रधान ने बंधक बनाकर महिला से किया दुष्कर्म
Misbehaved with woman ग्राम प्रधान की करतूत पर पर्दा डालने में जुटे रहे खदाना चौकी प्रभारी। एसएसपी के आदेश पर ग्राम प्रधान के खिलाफ दुष्कर्म व लूट का मुकदमा।
मुरादाबाद, जेएनएन। सरकारी आवास दिलाने के बहाने गांव के प्रधान ने एक महिला को तीन दिनों तक बंधक बनाकर न सिर्फ दुष्कर्म किया, बल्कि तमंचे के बल पर महिला का जेवर भी लूट लिए। न्याय की आस में पीड़िता व उसका पति जब खदाना चौकी प्रभारी से मिले, तो टरका दिया। पीड़ित दंपती शु्क्रवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने आरोपित ग्राम प्रधान के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। साथ ही चौकी प्रभारी खदाना की भूमिका की जांच कराने का भी आदेश दिया है।
तहरीर के मुताबिक गांव का प्रधान बीते छह माह से उसके संपर्क में था। ग्राम प्रधान उसे सरकारी आवास दिलाने का लालच देता रहा। इस बहाने वह घर भी आता जाता रहा। आवासीय फार्म पर महिला से ग्राम प्रधान ने अंगूठा भी लगवाया। 31 अगस्त को सुबह दस बजे ग्राम प्रधान ने महिला को फोन किया। रुपये दिलाने के बहाने मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र स्थित कांशीराम नगर के आवास में ले गया। तमंचे के बल पर बंधक बनाकर ग्राम प्रधान तीन दिन तक उससे दुष्कर्म करता रहा।
इतना ही नहीं पीड़िता के गले से सोने की चेन, कान का कुंडल व चांदी की पाजेब लूट ली। पीड़िता को हरथला रेलवे लाइन पर छोड़कर वह फरार हो गया। बदहवास महिला जैसे-तैसे घर पहुुंची। पीड़िता ने पति को आप बीती पति सुनाई। पीड़ित दंपती खदाना चौकी पहुंचे। आरोप है कि पीड़िता की मदद करने के बजाय चौकी प्रभारी ने उसे डांटकर भगा दिया। इस बीच ग्राम प्रधान पीड़िता व उसके पति को जुबान न खोलने की धमकी देता रहा। तब पीड़िता एसएसपी कार्यालय आई। मझोला थाने के क्राइम इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपित ग्राम प्रधान के खिलाफ, दुष्कर्म व लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।