सड़क मार्ग से जुड़ेंगे न्यूनतम 250 लोगों की आबादी वाले मझरे Moradabad News
जी हां यही सच है कि विकास से जोडने के लिए सरकार ने न्यूनतम 250 लोगों की आबादी वाले मझरे अर्थात छोटे से गांव को भी सडकों से जोडने का निर्णय लिया है।
मुरादाबाद,जेएनएन : यातायात सुगम बनाने के लिए शासन स्तर से नई पहल हुई है। इस पहल के तहत अब जिन मझरों की आबादी न्यूनतम 250 या उससे अधिक है, उन्हें भी सड़क मार्ग से जोड़ा जाएगा। शासन के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने मझरों को चिह्नित करने का काम शुरू कर दिया है। सन 2012 में 2001 की जनगणना के अनुसार, लोक निर्माण विभाग द्वारा ऐसे मझरों को सड़क मार्ग से जोडऩे काम किया गया था, जिन मझरों की आबादी न्यूनतम पांच सौ या उससे अधिक हो। उसके बाद अब शासन ने नया निर्देश जारी करते हुए कहा कि 2011 की जनगणना के अनुसार, ऐसे मझरे जिनकी आबादी 250 या उससे अधिक है, उन्हें भी सड़क मार्ग से जोड़ा जाएगा। मुख्य मार्ग से मझरों को जोडऩे के लिए डामरीकृत सड़कें बनाई जाएंगी। सड़क की चौड़ाई 3.75 मीटर होगी।
नियम में किया बदलाव
पांच सौ से कम आबादी वाले मझरों में लोनिवि अभी तक सड़क नहीं बनाता था। ऐसे में अब इस नई पहल के बाद विभाग न्यूनतम 250 आबादी वाले मझरों में सड़क बनाने का कार्य करेगा। लोक निर्माण विभाग मुख्य अभियंता विनय प्रकाश न्यूनतम 250 या उससे अधिक मझरों को सड़क मार्ग से जोडऩे का कार्य किया जाएगा। इसकी पहल शुरू कर दी गई है।