मुरादाबाद में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, छह लोगों पर मुकदमा, जांच में जुटी पुलिस
Married woman murdered for dowry सिविल लाइंस थाना पुलिस ने महिला की मौत के मामले में पति सास समेत अन्य ससुरालियों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने महिला की मौत के मामले में पति, सास समेत अन्य ससुरालियों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित शंकर शर्मा के अनुसार उन्होंने अपनी बहन पूनम शर्मा की शादी सिविल लाइंस के मोरा की मिलक निवासी अनिल शर्मा के साथ की थी। शादी के बाद से अनिल शर्मा और उसका परिवार बहन के साथ से ठीक बर्ताव नहीं करते थे। आरोप हैं कि बीते 10 मई की रात 11 बजे पति अनिल शर्मा, सास सरला उर्फ फूलवती, रजनी और तीन अन्य लोगों ने मिलकर बहन पूनम शर्मा की हत्या कर दी थी। वहीं बाद में मायके वालों को सूचना दिए बिना चोरी-छिपे शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। मामले की जानकारी पुलिस को दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद पीड़ित परिवार ने कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी। सिविल लाइंस थाना प्रभारी सहंसरवीर सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
कोतवाली में शांति समित की बैठक : रामपुर के स्वार में बकरा ईद व सावन माह के मद्देनजर कोतवाली में शांति समिति की बैठक हुई। सीओ व तहसीलदार ने क्षेत्र के सभी लोगों से त्योहारों को सौहार्दपूर्वक मनाने की अपील की। सीओ धर्मसिंह मार्छाल ने कहा की बकरा ईद व सावन माह आने वाला है। लोगों को मिलजुलकर शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने चाहिए। त्योहारों के मद्देनजर बिजली, साफ सफाई के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके साथ ही असामाजिक तत्वों पर निगाह रखने के पुलिस को कड़े निर्देश दिए। कहा कोई भी समस्या उत्पन्न होने पर अवगत कराएं, जिससे की समस्या का शीघ्र समाधान किया जा सके। संभ्रांत लोगों को अपने-अपने क्षेत्रों में हर गतिविधि पर नजर रखनी चाहिए। तहसीलदार आर्ची गुप्ता ने कहा की कोई भी कांवड़ लेने नहीं जाएगा। स्थानीय मंदिरों पर ही जलाभिषेक व पूजा अर्चना की जाएगी। कोरोना काल को देखते हुए हुए बकरा ईद की नमाज मस्जिदों में ही अदा की जाएगी। त्योहारों को मिलजुल कर मनाना चाहिए। कोतवाल रुम सिंह बघेल ने कहा की कोई भी नई पंरपरा नही डालने दी जायेगी। अगर कोई हरकत करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।