घने कोहरे में हाईवे पर टकराए छह से अधिक वाहन, कई घंटे तक लगा रहा जाम
शुक्रवार की सुबह सात बजे हाईवे पर घना कोहरा छाया था। इस दौरान मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जा रहा एक ट्राला आगे चल रहे ट्रक में घुस गया। इसके बाद एक के बाद एक वाहन आपस में टकराते चले गए।
मुरादाबाद, जेएनएन। Accident in fog। अमरोहा के गजरौला में हाईवे पर वाहन चालकों के लिए कोहरा आफत बन रहा है। साल के पहले दिन भी घना कोहरा छाए रहने से एक बार फिर हाईवे पर एक साथ छह से अधिक वाहन टकरा गए। क्षतिग्रस्त वाहन सड़क पर खड़े रहने से घंटोंं जाम की समस्या भी बनी रही। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारू करवाई।
शुक्रवार की सुबह सात बजे हाईवे पर घना कोहरा छाया था। इस दौरान मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जा रहा एक ट्राला आगे चल रहे ट्रक में घुस गया। टक्कर लगने के बाद ट्राले के पीछे चल रहे छह से अधिक वाहन एक के पीछे एक टकराते चले गए। गनीमत यह रही कि किसी को चोट नहीं आई। कोहरे की वजह से वाहन धीमी गति से गुजर रहे थे। वहीं, क्षतिग्रस्त वाहन सड़क पर खड़े रहने से जाम लगने पर फंसे वाहनों की कतार काफी दूर तक पहुंच गई थी। जिससे हाईवे पर तकरीबन तीन घंटे तक जाम की समस्या बनी रही। वाहन रेंग-रेंगकर ही आगे बढ़ रहे थे। बाद में पहुंची बृजघाट चौकी पुलिस ने क्रेन के माध्यम से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई। बृज घाट चौकी प्रभारी मोहित वालियान ने बताया कि कोहरे के कारण हादसा हुआ था। जिसकी वजह से जाम की समस्या बनी थी। किसी को चोट नहीं आई। अब यातायात व्यवस्था सुचारू करा दी गई।
कोहरे में बरतें सावधानी
कोहरे में मुरादाबाद मंडल में लगातार हादसे हो रहे हैं। ऐसे में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें, जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।