Manju Murder case : गले पर नाखूनों के मिले 23 निशान, बर्बरता की कहानी बयां कर रही पोस्टमार्टम रिपोर्ट
Manjus postmortem report मंजू की मां ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से दोनों के रिश्ते असामान्य थे। दीपावली से ठीक पहले मंजू अपने भाई अरविंद के साथ मायके गई थी। भैया दूज के दिन जितेंद्र अपनी ससुराल पहुंचा।
मुरादाबाद, जेएनएन। Manju's postmortem report। मझोला थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के शक में साजिश रचकर पति ने दो साथियों की मदद से पत्नी की हत्या कर दी। वह काफी देर तक पुलिस को गुमराह करता रहा लेकिन, उसके बयानों ने ही उसे शक के दायरे में खड़ा कर दिया। पुलिस ने सख्ती बरती तो वह टूट गया और पूरी कहानी बयां कर दी।
मझोला थाना क्षेत्र में गागन वाली मैनाठेर का रहने वाले जितेंद्र की शादी सम्भल में नखासा थाना क्षेत्र के फतुल्लागंज गांव की रहने वाली मंजू के साथ हुई थी। जितेंद्र को पत्नी के चरित्र पर शक था। इसी वजह से उसने पत्नी को ठिकाने लगाने की खौफनाक साजिश रच डाली। उसने अपने दो सहयोगियों की मदद से पहले पत्नी को मार डाला फिर पुलिस को डकैती की सूचना दे दी। पूछताछ में पुलिस के शक की सुई पति पर ही जाकर टिक जा रही थी। मंजू की मां ने भी जितेंद्र पर ही आरोप लगाया। रूपवती ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से दोनों के रिश्ते असामान्य थे। दीपावली से ठीक पहले मंजू अपने भाई अरविंद के साथ मायके गई थी। भैया दूज के दिन जितेंद्र अपनी ससुराल पहुंचा। वहां से पत्नी को साथ लेकर वह घर लौट आया। महिला के मुताबिक डकैती में जो जेवर लूटे जाने की जानकारी जितेंद्र ने पुलिस को दी, वह उसकी बेटी के पास नहीं थे।
गले पर मिले नाखून के 23 निशान
मझोला पुलिस ने मंजू का शव कब्जे में लेकर मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया। डा. प्रवीण कुमार व डा. आरके शर्मा की टीम ने पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई। पोस्टमार्टम से पता चला कि मंजू की हत्या गला घोंट कर की गई है। उसके गले पर नाखूनों के 23 निशान मिले। इसके अलावा चेहरे पर भी नाखून के निशान थे। फोरेंसिक टीम ने देर रात घटनास्थल का निरीक्षण किया।