शराब के नशे में सांप से खेलना पड़ा भारी, VIDEO हुआ वायरल; आप भी देखें...
अमरोहा के रजबपुर थानाक्षेत्र में शराब के नशे में एक व्यक्ति ने जिंदा सांप को निगल लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
मुरादाबाद, जेएनएन। शराब के नशे में लोग अजब-गजब हरकतें कर बैठते हैं, जो बाद में उनकी जान के लिए आफत बन जाते हैं। उत्तर प्रदेश के अमरोहा में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसमें यहां के रजबपुर थानाक्षेत्र में शराब के नशे में एक व्यक्ति ने जिंदा सांप को निगल लिया। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे झाड़फूंक के लिए सपेरों के पास ले गए और इस दौरान उसकी मौत हो गई।
सांप को पकड़कर उसके साथ खिलवाड़ करते हुए व्यक्ति का वीडियो भी वायरल हुआ है। दरअसल अमरोहा के गांव चकबदौनिया निवासी महीलाल सिंह (40) मजदूर था। उसके घर में पत्नी के अलावा तीन बेटियां और एक छोटा बेटा है। ग्रामीणों के मुताबिक महीलाल शराब का आदी था। शनिवार को भी उसने जमकर शराब पी।
नशे में जब वह सड़क पर घूम रहा था तभी उसे एक छोटा सांप नजर आ गया। उसने दौड़कर सांप को पकड़ लिया। इस दौरान कुछ अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। लोगों को जुटता देखकर महीलाल ने सांप के साथ खिलवाड़ शुरू कर दिया। कई बार उसे मुट्ठी में बंद किया तो कई बार अपने गले में डाल लिया।
लेकिन इसी दौरान लोगों के उकसावे में आकर उसने सांप को मुंह के अंदर रख लिया। इस तरह सांप उसके पेट में चला गया। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। इस बात की जानकारी मिलने पर परिजन आनन-फानन में उसे सपेरों के पास लेकर पहुंचे। वहां उसकी मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया।
शव को तिगरी पर गंगा में प्रवाहित कर दिया गया। उसका वायरल वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में सांप को मुंह में लेने का दृश्य ऐसा है, जिसे हर कोई देख नहीं पाएगा इसलिए हमें इसे हटा दिया है।