अमरोहा में अवैध खनन कर बान नदी की सूरत बिगाड़ रहे माफिया
दिन हो या फिर रात बेखौफ होकर माफिया नदी में कर रहे खनन। खनन का खेल पकडऩे के बाद एसडीएम ने छापों को शुरू की तैयारी।
अमरोहा। दैनिक जागरण के सोत-बान नदी संरक्षण अभियान के तहत कब्जा मुक्त काई गई बान नदी पर अब खनन माफियाओं की नजर है। सफेद रेत के लिए माफिया नदी की सूरत को बिगाड़ रहे हैं। दिन हो या फिर रात, बेखौफ होकर खनन कर रहे हैं। हैरानी की बात ये है कि पुलिस की नाक के नीचे ही यह सब खेल हो रहा है। नदी में अवैध खनन पकडऩे के बाद एसडीएम सदर ने बड़े पैमाने पर छापामारी करने का निर्णय लिया है। इसके लिए खनन अधिकारी को भी पत्र लिखा है।
जनपद की सीमा से होकर निकल रही बान नदी का अस्तित्व खत्म हो गया है। पानी नहीं होने की वजह से लोगों ने उस पर कब्जा कर फसल बो रखी थी। इस मामले को दैनिक जागरण ने सोत-बान नदी संरक्षण अभियान के तहत जोरदार ढंग से उठाया था। जिसके बाद यह अभियान लोगों की आवाज बन गया था। राजनीतिक हो या फिर सामाजिक संगठन, हरेक ने अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया था। इसके बाद जिलाधिकारी उमेश मिश्र ने अभियान को गति प्रदान की। 48 किलो मीटर नदी को कब्जा मुक्त कर उसकी खोदाई करा डाली और फिर से पुनजीर्वित कर दिया।
प्रशासन की इस कार्रवाई के पूरा होते ही नदी पर फिर से लोगों ने कब्जा चालू कर दिया है। इसके साथ ही खनन माफियाओं ने भी उसमें सफेद रेत के लिए खनन शुरू कर दिया है। खनन के लिए माफियाओं ने अलग-अलग ठिकाने बनाए हैं। रात की छोडि़ए दिन में ही खनन कर माफिया सफेद रेत का अवैध तरीके से कारोबार कर रहे हैं।