अमरोहा के गांव मानकजूड़ी में दिखा तेंदुआ, दहशत में ग्रामीण
देहात क्षेत्र में तेंदुए की दहशत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। गुरुवार को क्षेत्र में फिर से तेंदुआ देखा गया।
अमरोहा(जेएनएन): देहात क्षेत्र में तेंदुए की दहशत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। गुरुवार को क्षेत्र में फिर से तेंदुआ देखा गया। दहशतजदा ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देकर जंगल में पिंजरा लगाने की मांग की है।
अधिकारियों ने सतर्कता बरतने की हिदायत
गत मंगलवार शाम को तेंदुए ने क्षेत्र के गांव मोढ़ी तैया के जंगल में नीलगाय को मार दिया था। उसी रात को गांव मानकजूड़ी के जंगल में भी दूसरी नीलगाय का शिकार किया था। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ था। वन विभाग की टीम ने भी मौका मुआयना किया। ग्रामीणों को सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई थी। बता दें कि देहात क्षेत्र में बीते दो माह से तेंदुए की दहशत बरकरार है। आए दिन जंगल में टहलता देखा जा रहा है।
रास्ते में किसानों को दिखा तेंदुआ
गुरुवार सुबह को फिर से मानकजूड़ी के जंगल में तेंदुए को देखा गया। गांव के जसवीर सिंह व नौबत सिंह सुबह खेत पर जा रहे थे। उन्होंने रास्ते में चकरोड पार करते हुए तेंदुआ देखा। दोनों किसान वापस गांव में लौट आए तथा ग्रामीणों को सूचना दी। बाद में गांव के लोग एकत्र होकर जंगल पहुंचे तथा तलाशी अभियान चलाया परंतु सफलता नहीं मिल सकी। वन विभाग को भी सूचना दे दी है। ग्रामीणों ने जंगल में पिंजरा लगाने की मांग की है।