Leopard Panic:फसल की सिंचाई करने खेत पर गई महिला को तेंदुए ने मौत के घाट उतारा Amroha News
मक्का की फसल की सिंचाई करने खेत पर गई थी विधवा शारदा। पड़ोस के बाग में पड़ा मिला आधा खाया हुआ शव। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत।
अमरोहा,जेएनएन। हसनपुर तहसील क्षेत्र में तेंदुए का आतंक बढ़ता जा रहा है। पिछले एक महीने में तेंदुए ने आधा दर्जन से अधिक किसानों को हमला कर जख्मी कर दिया है। इन घटनाओं को लोग भूले भी नहीं थे कि सोमवार रात फूलपुर बीझलपुर के जंगल में मक्का की फसल की सिंचाई करने के लिए रात में खेत पर गई 33 साल की विधवा शारदा को तेंदुए ने अपना निवाला बना लिया। सुबह को महिला घर नहीं पहुंची तो परिजन उसे देखने खेत पर पहुंचे। खेत के नजदीक हसनपुर निवासी इशहाक के बाग में महिला का आधा खाया हुआ शव बरामद हुआ है। नजदीक में तेंदुए के पैरों के चिन्ह भी दिखाई दिए हैं। महिला को तेंदुए के खाने की सूचना आसपास के गांवों में फैल गई। बड़ी तादाद में लोग एकत्र होकर मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस एवं वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि महिला को तेंदुए ने खा लिया है शव पोस्टमार्टम को भेजा जाएगा।
तीन साल पहले बीमारी से हो गई थी पति की मौत
मृतका शारदा देवी के पति चंद्रपाल सिंह की 3 साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। अपने 3 छोटे-छोटे बच्चों का वह स्वयं खेती करके पालन पोषण कर रही थी। उसने अपने खेत में मक्का की फसल की बुवाई कर रखी थी दिन में बिजली न आने पर रात को वह नलकूप से फसल की सिंचाई कर रही थी। अचानक जंगल से आए तेंदुए ने महिला को मौत के घाट उतार दिया है। पहले पिता तथा अब मां की ममता भी तीन मासूम बच्चों से छीन गई है। मां की मौत से बच्चों का रोते-रोते बुरा हाल है।
विधायक ने दी परिजनों को सांत्वना
विधायक महेंद्र सिंह खड्गवंशी ने गांव पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी तथा क्षेत्र में एक महीने से तेंदुए के सक्रिय होने के बावजूद भी न पकड़े जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए वन विभाग के अधिकारियों से तेंदुए को पकड़कर आरक्षित जंगल में छुड़वाने को कहा है।