सिविल लाइंस में अवसाद के चलते किशोर ने की खुदकशी
सिविल लाइंस में अवसाद के चलते किशोर ने की खुदकशी।
मुरादाबाद, जेएनएन। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में किशोर ने फांसी लगाकर खुदकशी कर ली। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। किशोर की असामयिक मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। उनका रो रोकर बुरा हाल है।
चक्कर की मिलक के रहने वाले अर्जुन सिंह के चार पुत्र हैं। बड़ी बेटी का विवाह हो चुका है। बड़ा पुत्र राहुल दिल्ली में रहता है। जबकि मझला पुत्र रिेकू सैनी संविदा कर्मी के रूप में जिला अस्तपाल में वार्ड ब्याय का काम करता है। छोटे भाई राहुल व रोहित उर्फ संजीव कुमार अभी पढ़ाई कर रहे थे। रिकू सैनी के मुताबिक उसने चक्कर की मिलक में ही एक परचून का दुकान खोली है। गुरुवार को दोपहर में रिकू की अनुपस्थिति में दुकान पर रोहित बैठा था। वह पीलीकोठी चौराहा स्थित चित्रगुप्त इंटर कालेज में इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहा था। साढ़े 12 बजे दुकान बंद कर राहुल घर लौटा। लंबे समय से बीमार चल रहे पिता ने उससे खाना खाने को कहा। पिता को आश्वासन देकर रोहित पुराने घर में चला गया। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा। तब मां इंद्रवती देवी व बड़ा भाई राहुल उसकी तलाश में पुराने मकान पर पहुंचे तो उनकी चीख निकल गई। यहां रोहित ने फांसी लगाकर खुदकशी कर ली। जीवन की उम्मीद में परिजन उसे अस्पताल ले गये लेकिन, चिकित्सकों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। सिविल लाइंस थाना प्रभारी नवल मारवाह ने बताया कि छानबीन में पता चला है कि किशोर लंबे समय से अवसाद में जी रहा था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।