मुरादाबाद में दिनदहाड़े युवती को किया अगवा, मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने के चक्कर काट रही पीडि़ता
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में रहने वाले एक महिला ने दबंगों पर दिनदहाड़े बेटी को अगवा करने का आरोप लगाया। पीड़ित करीब दस दिनों से थाने के चक्कर काट रही है लेकिन पुलिस ने पीड़ित की कोई सुनवाई नहीं की।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में रहने वाले एक महिला ने दबंगों पर दिनदहाड़े बेटी को अगवा करने का आरोप लगाया। पीड़ित करीब दस दिनों से थाने के चक्कर काट रही है, लेकिन पुलिस ने पीड़ित की कोई सुनवाई नहीं की। जिसके बाद पीड़िता ने शुक्रवार को एसएसपी दफ्तर में पहुंचकर गुहार लगाई। कार्यालय में मौजूद एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने पीड़ित महिला की शिकायत सुनने के बाद सिविल लाइंस थाना प्रभारी को जांच कर मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
सिविल लाइंस के हरथला चौकी क्षेत्र निवासी महिला ने एसएसपी कार्यालय में पेश होकर बताया कि उसकी बेटी का कुछ दबंगों ने बीते नौ जुलाई को दोपहर दो बजे अपहरण कर लिया। कार सवार दबंग जबरन घर के बाहर से बेटी को उठाकर ले गए। इस कार्य में आरोपित की मां और उसके भाई ने भी मदद की। महिला ने बताया कि जिस समय यह घटना हुई, वह घर पर नहीं थी। जब वह लौटकर घर आई तो उसकी छोटी बेटी ने घटना की जानकारी दी। महिला का कहना है कि जब छोटी बेटी ने आरोपितों को रोकने का प्रयास किया तो उसके साथ ही आरोपितों ने अभद्रता करने के साथ ही जातिसूचक शब्दों की गाली देने के साथ ही धमकी देते हुए भाग गए। वहीं जब महिला की शिकायत करने के लिए सिविल लाइंस थाने गई तो उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई, दस दिनों तक चक्कर काटने के बाद पीड़िता को आखिरकार एसएसपी कार्यालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा। पीड़ित की शिकायत सुनने के बाद एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने सिविल लाइंस थाना पुलिस को जांच कर मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए।