Kanth Loudspeaker Dispute : लाउडस्पीकर मामले में कोर्ट में पेश हुए पंचायती राज मंत्री और शहर विधायक
Kanth Loudspeaker Dispute विवाद में कई लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इनमें पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह नगर विधायक रितेश गुप्ता सहित कई भाजपा नेता आरोपित हैं। सुनवाई के दौरान पंचायती राज मंत्री और नगर विधायक ने अपने बयान दर्ज कराए।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। Kanth Loudspeaker Dispute : जिले के चर्चित कांठ लाउडस्पीकर विवाद मामले में सोमवार को सुनवाई हुई। इसमें पंचायती राज मंत्री और शहर विधायक पेश हुए। मामले की सुनवाई एमपी एमएलए कोर्ट में चल रही है। विवाद में कई लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इनमें पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह, नगर विधायक रितेश गुप्ता सहित कई भाजपा नेता भी आरोपित हैं। सुनवाई के दौरान पंचायती राज मंत्री और नगर विधायक ने अपने बयान दर्ज कराए।
यह है पूरा मामला : कांठ के अकबरपुर चेंदरी गांव में साल 2014 में मंदिर से लाउडस्पीकर उतारने को लेकर विवाद हो गया था। भीड़ के पथराव में तत्कालीन डीएम के साथ कई पुलिस कर्मी घायल हो गए थे। इस मामले में कांठ थाना पुलिस ने तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए थे। इसमें पंचायती राज्यमंत्री भूपेंद्र सिंह, नगर विधायक रितेश गुप्ता समेत 65 भाजपा नेताओं पर मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में अभी तक 20 गवाहों के बयान दर्ज हो चुके हैं।
रामलीला की जमीन पर किया अवैध कब्जा, काटा पेड़ : अमरोहा के मंडी धनौरा में श्रीरामलीला प्रबंध समिति मंदिर महादेव की भूमि पर स्थित पेड़ को दबंग ने काट लिया। साथ ही यहां लकड़ी का खोखा रखकर अवैध कब्जा कर लिया। इसकी भनक जब कमेटी को लगी तो उन्होंने विरोध दर्ज कराते हुए थाने पर शिकायत दर्ज कराई है। श्री राम मिलाप एवं समिति मंदिर महादेव की भूमि डाॅ. सुधाकर सिंह के क्लिनिक के निकट स्थित है। कमेटी का आरोप है कि दबंग ने यहां लगे पेड़ को काट लिया साथ ही भूमि पर अवैध कब्जे की नीयत से अपना खोखा भी रख दिया। सुबह घटना का पता चला जिस पर कमेटी के सदस्य मौके पर पहुंचे साथ ही उन्होंने विरोध दर्ज कराया। उधर, इस संबंध में थाने पर कार्रवाई को तहरीर भी दी गई है। कमेटी के अध्यक्ष अजय गोयल ने बताया कि दबंग ने रामलीला कमेटी की भूमि पर लगे पेड़ को काट लिया था। साथ ही अवैध कब्जे की नीयत से लकड़ी का खोखा भी रख दिया। थाने पर कार्रवाई को तहरीर दी गई है।