महायज्ञ के साथ कल्कि महोत्सव का आगाज, मशहूर हस्तियों का आज से लगेगा जमावड़ा Sambhal News
कल्कि महोत्सव में देश-विदेश से लोग आते हैं। इस पूरे महोत्सव के दौरान मशहूर हस्तियां भी शिरकत करती हैं।
सम्भल, जेएनएन। 108 कुंडली महायज्ञ के साथ श्री कल्कि महोत्सव का शुक्रवार को आगाज हो गया। पहले दिन सुबह सर्वाथसिद्धि महायज्ञ में भक्तों ने धर्मगुरु आचार्य प्रमोद कृष्णम के साथ आहुतियां दीं। विधि विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। विभिन्न गांवों के लोगों के साथ दिल्ली के लोग भी महायज्ञ में शामिल होने के लिए पहुंचे।
क्षेत्र के गांव एचोड़ा कम्बोह में 15वें श्री कल्कि महोत्सव का आगाज हो चुका है। महोत्सव के पहले दिन शुक्रवार को सुबह में 108 कुंडीय सर्वाथसिद्धि महायज्ञ हुआ। इसमें आसपास के गांवों के लोगों के साथ दिल्ली से भक्त शामिल होने के लिए पहुंचे। मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ में पूजा अर्चना करते हुए आहुतियां दी गईं। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने यज्ञ में अग्नि प्रज्ज्वलित की और आहुतियां प्रदान कराईं। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि महोत्सव में यज्ञ की परंपरा हमेशा कायम रहेगी। यज्ञ में आहुतियां देने से परिवार खुश रहता है और घर का वातावरण शुद्ध हो जाता है। महिला व पुरुषों ने यज्ञ में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। दूर-दराज के लोग भी सुबह से ही पहुंच गए। इस दौरान स्वामी नविनानंद महाराज, स्वामी विष्णु विनोदम महाराज, संजीव त्यागी, सुधीर त्यागी, प्रभा चाहल, शोभित शास्त्रर आदि मौजूद रहे।