सांसद आजम खां के करीबी पूर्व सीओ सिटी आले हसन की संपत्ति पर चली जेसीबी, कभी दूसरों के मकानों पर चलवाए थे बुल्डोजर
JCB run on the property of former CO City Ale Hassan आरडीए के सचिव एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन जगदंबा प्रसाद गुप्ता ने बताया कि भवन का निर्माण मानक के अनुसार नहीं था। इसे लेकर पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था।
रामपुर। JCB run on the property of former CO City Ale Hassan। सांसद आजम खां के करीबी पूर्व सीओ सिटी आले हसन की संपत्ति पर रामपुर विकास प्राधिकरण की जेसीबी जमकर गरजी। देखते ही देखते निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में कोठी लालाजार पर सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर के पास पांच सौ वर्ग मीटर क्षेत्रफल में उनका भवन निर्माणाधीन था। इसके मानक के विपरीत बने होने के संबंध में प्राधिकरण की ओर से पूर्व में नोटिस भी जारी किया गया था। उसके बावजूद आरोपित द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया गया था। इस पर प्राधिकारण की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। वहां पर जेसीबी द्वारा निर्माणाधीन गेट की दीवार को ध्वस्त कर दिया गया। शेड को बढ़ाकर बनाया गया था। यह संपत्ति आले हसन के बेटे जावेद और वसीम के नाम है। प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन जगदंबा प्रसाद गुप्ता के अनुसार मानक के विपरीत निर्माण को लेकर पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था। उसके बाद भी निर्माण को नहीं हटाया गया, जिस पर आरडीए द्वारा इसे ध्वस्त कर दिया गया है। आले हसन खां के खिलाफ पिछले साल 50 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हुए थे। एक मुकदमे में अदालत ने उनके कुर्की वारंट भी जारी कर दिए थे। इन दिनों वह जेल में बंद हैं।