दहेज के लिए ससुरालियों ने पार कर दीं हदें, विवाहिता ने आवाज उठाई तो दे दिया तीन तलाक
Three divorces after misdeed दहेज के लिए ससुरालियों ने ज्यादती की सारी हदें पार कर दीं। आरोप है कि पति ने कई बार अप्राकृतिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं ननदोई ने भी पीड़िता संग दुष्कर्म किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुरादाबाद, जेएनएन। Three divorces after misdeed। कांठ थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला को पति द्वारा तीन तलाक देने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता की तहरीर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़िता के मुताबिक उसका निकाह अक्टूबर 2018 में मुजफ्फरनगर के रामराज थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक के साथ हुआ था। मायके वालों ने दहेज के रूप में आठ लाख रुपये दिए थे। इसके बाद भी ससुराली उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। पति, सास, ननद दो लाख रुपये और बुलेट की मांग कर रहे थे। वह इसका विरोध करती तो उसके साथ ज्यादती की जाने लगी। आरोप है कि पति ने कई बार अप्राकृतिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं ननदोई ने भी पीड़िता संग दुष्कर्म किया। महिला ने जब आरोपितों के खिलाफ मुंह खोला और आपबीती मायके वालों को बताई, तो यह बात पति को नागवार गुजरी। इस पर उसने तीन तलाक दे दिया। पीड़िता इस वक्त मायके में जीवन यापन कर रही है। पंचायत के जरिए प्रकरण को सुलझाने का प्रयास भी हुआ। इसके बाद भी आरोपित नहीं माने। वे अब भी जिद पर अड़े हुए हैं। पीड़िता की तहरीर के आधार पर एसएसपी ने आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का आदेश दिया है।