Indian Railways : दिव्यांग सुविधा पर रेलवे बनाएगा फिल्म, टीवी पर भी होगी प्रसारित, मंडल रेल प्रशासन से मांगी गई जानकारी
मुरादाबाद रेल प्रशासन स्टेशनों पर व ट्रेनों में दिव्यांगों को क्या सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है इस पर फिल्म बनाएगा। इसे टीवी पर प्रसारित भी किया जाएगा। इसके लिए मंडल रेल प्रशासन से दिव्यागों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी मांगी गई है।
मुरादाबाद [प्रदीप चौरसिया]। मुरादाबाद रेल प्रशासन स्टेशनों पर व ट्रेनों में दिव्यांगों को क्या सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, इस पर फिल्म बनाएगा। इसे टीवी पर प्रसारित भी किया जाएगा। इसके लिए मंडल रेल प्रशासन से दिव्यागों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी मांगी गई है।
रेल प्रशासन दिव्यांग यात्रियों को काफी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। कुछ स्टेशनों पर सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है। इसका प्रचार-प्रसार नहीं किया गया है। जानकारी के अभाव में दिव्यांगों को सुविधा का लाभ नहीं मिल पाता है। अभी तक रेलवे प्रशासन यात्री सुविधाओं, रेलवे लाइन के विस्तार, पर्यटन सुविधा पर तीन मिनट का लघु फिल्म बनाता है। यह यूट्यूब या अन्य इंटरनेट माध्यम से प्रसारित किया जाता है।
रेलवे पहली बार दिव्यांग सुविधाओं को लेकर फिल्म बनाने जा रहा है। उत्तर रेलवे मुख्यालय ने सभी रेल मंडल प्रशासन से उसके क्षेत्र के स्टेशनों पर व ट्रेनों में दिव्यांगों के लिए क्या सुविधा है। इसके विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। जिन स्टेशनों पर सुविधा नहीं है, वहां भविष्य में क्या योजना प्रस्तावित है, इसकी जानकारी मांगी है। मुरादाबाद रेल मंडल के देहरादून स्टेशन पर नेत्रहीन दिव्यांगों के लिए ब्रेल लिपि की व्यवस्था है। स्टेशन परिसर में आते ही दिव्यांग को इस सुविधा का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
नेत्रहीन दिव्यांग बिना किसी सहायता के प्लेटफार्म और ट्रेन की कोच तक पहुंच सकते हैं। नंदादेवी एक्सप्रेस के कोच में सीट नंबर खोजने के लिए ब्रेल लिपि लगाई गई है। देहरादून के अलावा, योगनगरी, हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, चन्दौसी, हापुड़ जैसे कई स्टेशनों पर प्लेटफार्म पर आने के लिए रैंप, स्वचालित सीढ़ी, लिफ्ट जैसी कई सुविधाएं उपलब्ध हैं। कुछ स्टेशनों पर यह सुविधा उपलब्ध कराने के लिए काम किया जा रहा है।
सहायक वाणिज्य प्रबंधक नरेश सिंह ने बताया कि दिव्यांग सुविधा को लेकर फिल्म बनाई जानी है। इसके लिए मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय से मुरादाबाद रेल मंडल के स्टेशनों पर व ट्रेनों में दिव्यांगों की सुविधा के लिए सूचना मांगी गई है। सूचना तैयार कर मुख्यालय भेज दिया गया है। माना जा रहा है कि मुरादाबाद रेल मंडल में फिल्म का कुछ हिस्सा तैयार किया जा सकता है। फिल्म टीवी आदि माध्यमों पर प्रसारित की जाएगी।