Indian Railways : पहले दिन सहारनपुर पैसेंजर में 75 यात्रियों ने किया सफर, आज से पांच और ट्रेनें चलेंगी
मुरादाबाद से सहारनपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन दो माह बाद गुरुवार की शाम से चलनी शुरू हो गई। इसमें 75 यात्रियों ने सफर किया। पहले दिन मंडल में तीन ट्रेनें चलेंगी। आज से पांच पैसेंजर ट्रेनें चलनी शुरू हो जाएंगी।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। मुरादाबाद से सहारनपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन दो माह बाद गुरुवार की शाम से चलनी शुरू हो गई। इसमें 75 यात्रियों ने सफर किया। पहले दिन मंडल में तीन ट्रेनें चलेंगी। आज से पांच पैसेंजर ट्रेनें चलनी शुरू हो जाएंगी। उत्तर रेलवे ने एक जुलाई व दो जुलाई से मंडल में पांच ट्रेनों को चलाने की घोषणा की थी।
मंडल रेल प्रशासन ने इन ट्रेनों के रुकने वाले 66 स्टेशनों पर जनरल टिकट के लिए बुकिंग काउंटर खोल दिया है। गुरुवार शाम छह बजे मुरादाबाद से सहारनपुर के लिए पहली ट्रेन चली। जिसमें कांठ, धामपुर, स्योहारा, नजीबाबाद, लक्सर, रुड़की व सहारनपुर जाने के लिए 75 यात्रियों ने टिकट खरीदा। रेल प्रशासन ने टिकट की बिक्री के लिए मुख्य रेलवे स्टेशन परिसर व थर्ड इंट्री गेट पर काउंटर खोला था। इसके पहले सहारनपुर से मुरादाबाद पैसेंजर सुबह 10 बजे मुरादाबाद पहुंची। इस ट्रेन में रुड़की स्टेशन से नौ और 11 कांठ स्टेशन से मुरादाबाद आने को यात्री सवार हुए। गजरौला नजीबाबाद व नजीबाबाद-गजरौला पैसेंजर चलनी शुरू हो गई है। इस ट्रेन में 55 यात्रियों ने सफर करने के लिए टिकट खरीदा। गुरुवार रात में दिल्ली से बरेली के लिए पैसेंजर ट्रेन चलेगी, जो मुरादाबाद सुबह चार बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए सुबह तीन बजे मुरादाबाद स्टेशन का बुकिंग काउंटर खोला जाएगा। सहायक वाणिज्य प्रबंधक नरेश सिंह ने बताया कि पहले दिन तीन पैसेंजर ट्रेनों को चलाया गया है। शुक्रवार से पांच पैसेंजर ट्रेनें मंडल में चलनी शुरू जो जाएंगी। पहले दिन 150 यात्रियों ने टिकट लेकर पैसेंजर ट्रेन में सफर किया है। धीरे-धीरे पैसेंजर ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ेगी।
यह भी पढ़ें :-