Indian Railway : अब ट्रेन चलने के आधे घंटे पहले तक मिलेगा रिजर्वेशन टिकट
Reservation half an hour before the train starts दूसरा आरक्षण चार्ट ट्रेन चलने से आधे घंटे पहले होगा जारी। बुकिंग काउंटर से और आनलाइन करा पाएंगे रिजर्वेशन। यात्री ट्रेन पकड़ने के लिए घर से निकलने के बाद मोबाइल से टिकट ले सकते हैं।
मुरादाबाद, जेएनएन। Reservation half an hour before the train starts। रेल प्रशासन ने धीरे-धीरे यात्रियों की सुविधा में इजाफा करना शुरू कर दिया है। अब ट्रेन चलने से आधे घंटे पहले तक रिजर्वेशन कराने की सुविधा 10 अक्टूबर से मिलने जा रही है। यह सुविधा करंट बुकिंग काउंटर और आनलाइन दोनों पर उपलब्ध रहेगी।
अनलॉक शुरू होने के बाद रेल प्रशासन ने कुछ ट्रेनों को चलाना शुरू कर दिया है। धीरे-धीरे ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जा रही है। स्पेशल ट्रेन के लिए प्रथम चार्ट ट्रेन चलने के चार घंटे पहले बनाई जाती है। चार घंटे पहले तक बुकिंग काउंटर से टिकट लिया जा सकता है और वापस किया जाता है। प्रथम चार्ट बनने के बाद जो बर्थ खाली रह जाती है, ट्रेन चलने के दो घंटे पहले तक यात्री उस पर आनलाइन रिजर्वेशन टिकट ले सकते हैं। वर्तमान व्यवस्था में कई स्पेशल ट्रेन में बर्थ खाली होती है, अंतिम समय में यात्री रिजर्वेशन टिकट नहीं ले पाते हैंं।
रेल प्रशासन 10 अक्टूबर से व्यवस्था बदलने जा रहा है। ट्रेन चलने से पहले प्रथम आरक्षण चार्ट चार घंटे पहले बनाया जाएगा। दूसरा चार्ट ट्रेन चलने से आधे घंटे पहले तक बनेगा। यात्री खाली बर्थ पर रिजर्वेशन करा सकते हैं और टिकट भी वापस करा सकते हैं। जिस स्टेशन पर करंट बुकिंग काउंटर है, यात्री वहां से टिकट खरीद सकते हैं। ई टिकट ले सकते हैं। यानी यात्री ट्रेन पकड़ने के लिए घर से निकले के बाद मोबाइल से ई आरक्षण टिकट ले सकते हैं।
प्रवर मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा ने बताया कि बुधवार से द्वितीय आरक्षण चार्ट ट्रेन चलने से दो घंटे के बजाय आधे घंटे पहले बनाया जाएगा। इससे करंट बुकिंग काउंटर व ई टिकट यात्री को आधा घंटे पहले टिकट मिलता रहेगा।