Independence Day 2021 : पंचायती राज मंत्री ने भाजपा कार्यालय तो कमिश्नर ने मंडलायुक्त कार्यालय पर किया ध्वजारोहण
Independence Day 2021 भाजपा के सभी पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं दूसरी ओर मंडलायुक्त कार्यालय पर कमिश्नर आन्जनेय कुमार सिंह ने भी तिरंगा फहराया। इसके बाद उन्होंने कार्यालय परिसर में ही पौधे रोपे।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। 75 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा कार्यालय पर ध्वजारोहण कार्यक्रम हुआ। नौ बजे हुए कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह मुख्य अतिथि रहे। इसके साथ ही भाजपा के सभी पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं दूसरी ओर मंडलायुक्त कार्यालय पर कमिश्नर आन्जनेय कुमार सिंह ने भी तिरंगा फहराया। इसके बाद कार्यालय परिसर में ही पौधे रोपे। इसके बाद गोष्ठी का आयोजन हुआ। इसमें कई मंडल स्तरीय अधिकारी शामिल हुए।
भाजपा कार्यालय पर पंचायती राज मंत्री ने कहा की देश की स्वतंत्रता के 75वीं वर्षगांठ को प्रदेश में समारोह पूर्वक मनाया जा रहा है। इस वर्ष को अमृत महोत्सव के रूप में मनाते हुए वर्ष भर चलने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। कहा कि आजादी दिलाने के लिए हमारे सेनानियों ने अपनी जान को भी न्योछावर कर दिया। एमएलसी डाॅ. जयपाल सिंह व्यस्त ने भी विचार रखे। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान, जगन्नाथ मिश्रा, जिला एवं महानगर कार्यकारिणी के पदाधिकारी मौजूद रहे।
झंडे की फंसी डोरी, छत पर चढ़े नेता : ध्वजारोहण के दौरान जब भाजपा नेताओं ने डोरी खींची तो डोरी खुलने की वजह से गांठ फंस गई। काफी प्रयास के बाद भी जब गांठ नहीं खुली तो भाजपा के कुछ नेता ऊपर छत पर चढ़कर डोरी की गांठ खोलने का प्रयास करने लगे। बारी-बारी से गांठ खोलने का प्रयास किया, लेकिन सभी नाकाम रहे। काफी मशक्कत के बाद गांठ खुली। इसके बाद फिर दोबारा से झंडा फहराने का कार्यक्रम शुरू हुआ लेकिन गांठ फिर फंस गई। तीसरे प्रयास में जाकर ध्वजारोहण हो पाया।