प्राइवेट बसों पर कार्रवाई शुरू होते ही मुरादाबाद की रोडवेज बसों में बढ़ गई भीड़
डग्गामार बसों के खिलाफ छापेमारी अभियान शुरू होने के बाद रोडवेज की बसों में भीड़ बढ़नी शुरू हो गई है। इसके कारण सरकार ने अभियान को 22 मार्च तक बढ़ा दिया है। अभियान की वजह से रोडवेज की आय भी बढ़ गई है।
मुरादाबाद, जेएनएन। डग्गामार बसों के खिलाफ छापेमारी अभियान शुरू होने के बाद रोडवेज की बसों में भीड़ बढ़नी शुरू हो गई है। इसके कारण सरकार ने अभियान को 22 मार्च तक बढ़ा दिया है।
अर्थिक संकट से गुजर रहे रोडवेज की स्थिति को मजबूत करने के लिए दो चरण में डग्गामार वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाने के आदेश दिए गए थे। पहले चरण में 12 से 14 मार्च तक टोल प्लाजा पर रोडवेज व परिवहन विभाग के अधिकारियों को 24 घंटे तैनात किया गया था। टीम टोल से गुजरने वाले डग्गामार वाहनों को पकड़ने का काम करती थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद डग्गामार बस टोल प्लाजा के बजाय ग्रामीण मार्ग से बसों का संचालन करने लगे। दूसरे चरण में संयुक्त टीम ने 15 से 17 मार्च तक छापामारी अभियान शुरू किया। चेकिंग टीम को इसमें काफी सफलता मिली। इस दौरान दो सौ डग्गामार बसों को पकड़ा। जिसमें तीस बसों को सीज कर लिया। शेष डग्गामार बसों पर चालीस लाख रुपये का जुर्माना लगाया। छापामारी अभियान की सफलता के बाद शासन ने अभियान को 22 मार्च तक बढ़ा दिया है। बसों के पकड़ने के कारण डग्गामार बसों को संचालन कम हो गया है। इसके कारण रोडवेज की बसों में यात्रियों की संख्या बढ़नी शुरू हो गई है। 14 मार्च के पहले मंडल भर में रोडवेज की बसों से एक लाख यात्री सफर करते थे। अब इसकी संख्या पहुंच कर 1.25 लाख से अधिक हो गई है। प्रतिदिन यात्रियों की संख्या बढ़नी शुरू हो गई है। इससे रोडवेज की आय में वृद्धि हुई है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक पीतल नगरी शिव बालक ने बताया कि छापामारी अभियान के बाद बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है।