मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर कोरोना संक्रमण से बचाव के अधूरे इंतजाम, एक बार ही सैनिटाइज किए जा रहे प्लेटफार्म
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर 24 घंटे में प्लेटफार्म को सिर्फ एक बार सैनिटाइज किया जाता है। इससे यात्रियों और रेल कर्मियों के संक्रमित होने का खतरा रहता है। सात प्लेटफार्मों की सफाई के लिए केवल 10 सफाई कर्मचारी काम कर रहे हैं।
मुरादाबाद, जेएनएन। मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर 24 घंटे में प्लेटफार्म को सिर्फ एक बार सैनिटाइज किया जाता है। इससे यात्रियों और रेल कर्मियों के संक्रमित होने का खतरा रहता है। सात प्लेटफार्मों की सफाई के लिए केवल 10 सफाई कर्मचारी काम कर रहे हैं।
रेलवे प्रशासन कोविड के नियम का पालन करते हुए ट्रेनों का संचालन कर रहा है। इसके तहत ट्रेन से आने-जाने वाले यात्रियों व स्टेशन पर काम करने वाले कर्मियों को कोरोना संक्रमण से बचाने का प्रयास किया जाता है। कोविड के नियम के तहत ट्रेन के जाने के बाद यात्रियों की बैठने वाले कुर्सी, यात्री द्वारा बार-बार छूने वाले नल, वॉशबेसिन, शौचालय, रेलिंग आदि को सैनिटाइज किया जाना है। मंडल मुख्यालय के रेलवे स्टेशन पर 24 घंटे में केवल सुबह 10 बजे ही सैनिटाइजेशन किया जाता है। रेलवे स्टेशन पर सफाई आदि का ठेका एक साल पहले खत्म हो चुका है। इस दौरान 130 कर्मियों द्वारा प्लेटफार्म, स्टेशन परिसर की सफाई व सैनिटाइज करने का काम किया जाता था। ठेके खत्म हो जाने के बाद अभी तक सफाई के लिए ठेका नहीं किया गया है। रेलवे स्टेशन पर सफाई के लिए 12 कर्मचारी तैनात हैं। जिससे में दो कर्मचारी पीठ पर दो छोटी मशीन लेकर सुबह दस बजे सात प्लेटफार्मों, बुकिंग हाल, स्टेशन पर बने सभी आफिस को सैनिटाइज करते हैं। उसके बाद सैनिटाइज नहीं किया जाता है। 10 कर्मियों पर सभी प्लेटफार्मों के साथ स्टेशन परिसर व शौचालय आदि की सफाई करने का दायित्व है। इससे सफाई के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। मुरादाबाद स्टेशन से वर्तमान में 28 ट्रेनें विभिन्न स्थानों के लिए गुजरती हैं। जिससे लगभग एक हजार यात्री आते-जाते हैं। लगभग इतनी ही संख्या में रेलवे कर्मचारी ड्यूटी पर आते-जाते रहते हैं। सैनिटाइज नहीं होने से यात्रियों व रेल कर्मियों को कोरोना संक्रमण होने का खतरा बना रहता है। स्टेशन अधीक्षक अवध अस्थाना कहते हैं कि सफाई व सैनिटाइज का काम मुख्य सफाई निरीक्षक को दिया गया है। कर्मियों की संख्या कम होने पर प्लेटफार्म पर सुबह एक बार सैनिटाइज किया जाता है। यात्रियों को कोरोना से बचाव के लिए लगातार जानकारी दी जा रही है।