सम्भल में बारिश के दौरान हादसा, छत गिरने से एक की मौत सात घायल
Incident in sambhal सम्भल में उस वक्त बड़ा हादसा हो गया जब बारिश के दौरान एक मकान की छत गिर गई। इसकी वजह से एक की मौत हो गई जबकि सात लोग घायल हो गए।
सम्भल। जिले में शुक्रवार की सुबह बारिश एक परिवार के लिए काल बनकर आई। छत गिरने से एक किशोरी की मौत हो गई जबकि सात लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धनारी थाना क्षेत्र के बाजपुर गांव में शुक्रवार की सुबह को तेज बारिश के दौरान हरकिशोर के घर छत पर पानी भर गया। बताया जा रहा है कि छत पहले से ही कमजोर था। बारिश के दौरान ही कुछ देर बाद भरभराकर छत गिर गई। इससे कमरे में सो रहे परिवार के सात लोग मलबे में दब गए। तेज आवाज सुनकर आसपास लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। पड़ोसियों ने उन्हें एक-एक करके बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए से बहजोई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने पूजा (17) पुत्री हर किशोर को मृत घोषित कर दिया जबकि अन्य छह लोगों का उपचार चल रहा है।
तेज आवाज से सहम गए लोग
छत गिरने पर इतनी तेज आवाज हुई कि आसपास के लोग सहम गए। कई लोगों को लगा कि कोई धमाका हुआ है। लोगों ने तत्परता बरतने की जिधर से आवाज आई थी उधर दौड़ लगा दी। समय से परिवार के लोगों को बाहर भी निकाल लिया गया। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। अगर रात में यह हादसा होता तो लोगों के नींद में होने की वजह से परिवार को निकालना मुश्किल हो जाता।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिवार रोजाना की तरह घर में सोया हुआ था लेकिन उन्हें क्या पता था कि कुछ ही देर में बड़ा हादसा हो जाएगा। हादसे के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर रिश्तेदार भी अस्पताल पहुंच गए। परिवार के लोगों का रोना देखकर दिलासा देने वालों की भी आंखें नम हो गई।