रामपुर में एसडीएम ने 40 लेखपालों को दी बर्खास्तगी की चेतावनी Rampur news
विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे 40 लेखपालों को एसडीएम ने नोटिस जारी कर बर्खास्तगी की चेतावनी दी !
स्वार (रामपुर): विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे 40 लेखपालों को एसडीएम ने नोटिस जारी कर बर्खास्तगी की चेतावनी दी, जिसके चलते दो लेखपाल हड़ताल छोड़कर कार्य पर लौट आए।
एक सप्ताह से हड़ताल पर हैं लेखपाल
मालूम हो कि एक सप्ताह से विभिन्न मांगों को लेकर लेखपाल हड़ताल पर हैं, जिसके चलते तहसील का कार्य ठप होकर रह गया है। जनता के जरुरी कार्य नहीं हो पा रहे हैं, जबकि दूरदराज गांव से आने वाले ग्रामीण अपने कार्यों के लिए ठिठुरती ठंड में तहसील मुख्यालय आ रहे हैं। लेखपालों की हड़ताल के कारण कोई भी कार्य नहीं हो पा रहा है। छात्र-छात्राओं के आय, जाति संबंधित अभिलेख न बनने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जारी किया गया है नोटिस
एसडीएम राकेश कुमार गुप्ता ने तहसील में तैनात 40 लेखपालों को बर्खास्तगी का नोटिस जारी कर दिया। बुधवार की शाम तक हड़ताल से वापस न आने पर बर्खास्त करने की चेतावनी दी। लेखपालों में खलबली मची है और दो लेखपाल हिदायत नवी व सुधीर कुमार हड़ताल छोड़कर कार्य पर वापस आ गए। एसडीएम राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि हड़ताल पर चल रहे 40 लेखपालों को बर्खास्तगी का नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई है। अगर शाम तक लेखपाल कार्य पर वापस नहीं लौटे तो बर्खास्त कर दिया जाएगा। दो लेखपाल कार्य पर वापस लौट आए हैं।